एसआइआर पर झारखंड में सियासी घमासान:
झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के मुद्दे पर राजनीतिक सरगर्मी काफी बढ़ गई है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच इस प्रक्रिया को लेकर जुबानी जंग तेज हो गई है। कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने चुनाव आयोग पर निशाना साधा है, वहीं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सरकार के रुख को गुमराह करने वाला करार दिया है।
प्रदीप यादव का दावा: 38 लाख वैध मतदाताओं के नाम कटेः
कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने चुनाव आयोग को घेरते हुए दावा किया है कि राज्य में 38 लाख वैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। प्रभावित लोगों ने अपने नाम दोबारा सूची में जुड़वाने के लिए आवेदन दिए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि नाम हटाए जाने और दोबारा आवेदन से जुड़े कई मामले अदालतों में भी पहुंच चुके हैं।
बाबूलाल मरांडी का पलटवार: एसआइआर पूरी तरह संवैधानिक और वैधानिकः
विधानसभा के विशेष सत्र में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार द्वारा लाए गए राजकीय संकल्प का पुरजोर विरोध किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस मुद्दे पर जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने विशेष सत्र बुलाने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए और कहा कि इसके लिए मंत्रिपरिषद की बैठक तक नहीं की गई, बल्कि कैबिनेट की स्वीकृति की प्रत्याशा में सदन बुला लिया गया।
बाबूलाल मरांडी ने स्पष्ट किया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा कराया जा रहा एसआइआर पूरी तरह संवैधानिक कार्य है, जिसका उद्देश्य मतदाता सूची का शुद्धीकरण करना है ताकि किसी पात्र का नाम न छूटे और किसी अपात्र का नाम न जुड़े। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के वैधानिक अधिकारों को राजनीतिक संकल्प के जरिए कमजोर करने की कोशिश स्वीकार नहीं की जाएगी।
नोटिस, नाम हटना और प्रारूप सूची में अंतर को समझें सरकार: बाबूलाल
नेता प्रतिपक्ष ने संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर द्वारा सदन में पेश किए गए आंकड़ों को गलत करार दिया। उन्होंने कहा कि सरकार जिस सूची के आंकड़ों की चर्चा कर रही है, वह अभी अंतिम रूप से प्रकाशित नहीं हुई है। प्रारूप सूची में नाम न होना, नोटिस जारी होना और अंतिम रूप से नाम काटना– ये तीनों अलग-अलग प्रक्रियाएं हैं। सरकार इन सभी को मिलाकर जनता में भ्रम फैला रही है। उन्होंने याद दिलाया कि एसआइआर कोई नई प्रक्रिया नहीं है और कांग्रेस के शासनकाल में भी यह कई बार हो चुका है, इसलिए इसे नागरिकता समाप्त करने से जोड़ना गलत है।
फर्जी दस्तावेजों और घुसपैठ पर बोले मरांडी: जांच होनी ही चाहिएः
बाबूलाल मरांडी ने जोर देकर कहा कि फर्जी दस्तावेजों की जांच अनिवार्य रूप से होनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि जमशेदपुर और राज्य के अन्य हिस्सों में अफगानी व ईरानी नागरिक मिले हैं तथा फर्जी दस्तावेजों के जरिए नाम जुड़वाने की खबरें आ रही हैं। अवैध रूप से रहने वाले लोग घुसपैठिये हैं, जबकि पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से प्रताड़ित होकर आए हिंदू शरणार्थी हैं। उन्होंने अंत में स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग किसी भी विशेष समुदाय को निशाना नहीं बना रहा है।
