Saturday, November 21

ललपनिया (बोकारो)। लुगुबुरू घंटाबाड़ी महोत्सव को भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए बोकारो जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को पुलिस महानिरीक्षक, उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा समेत वरीय अधिकारियों ने ललपनिया में विभिन्न आयोजन स्थलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने लुगुबुरू पहाड़ पर चढ़कर श्रद्धालुओं के आवागमन मार्ग की स्थिति देखी और सुरक्षा व सुविधाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

पहाड़ से टेंट सिटी तक व्यवस्था का निरीक्षण

अधिकारियों ने मुख्य समारोह स्थल, बिरसा मुंडा प्रतिमा स्थल, पुण्यथान, टेंट सिटी, हेलिपैड, चिल्ड्रेन पार्क और पार्किंग स्थलों का जायजा लिया। श्रद्धालुओं और अतिथियों के आवागमन को सुगम बनाने के साथ सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया गया। टेंट सिटी और आवासन स्थलों पर स्पष्ट संकेतक लगाने, खिचड़ी वितरण केंद्रों की पहचान सुनिश्चित करने तथा प्रदर्शनी और सेमिनार के लिए अलग-अलग स्थान निर्धारित करने का निर्देश दिया गया।

महोत्सव में मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए हेलिपैड और आवागमन मार्ग पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग और वीआईपी व श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग आवागमन व्यवस्था पर भी जोर दिया गया है। मेडिकल सुविधा, एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन, विद्युत सुरक्षा और सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया गया।

श्रद्धालुओं से सम्मानजनक व्यवहार की हिदायत

श्यामली गेस्ट हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक में आईजी और उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के साथ सम्मानजनक और सहयोगात्मक व्यवहार किया जाए। पुलिसकर्मियों को संयम और धैर्य के साथ ड्यूटी करने को कहा गया। संथाल समाज के स्थानीय प्रधानों और प्रतिनिधियों के साथ-साथ पश्चिम बंगाल, जमशेदपुर और अन्य क्षेत्रों से आने वाले पारंपरिक सांस्कृतिक दलों की जानकारी पहले से जुटाने का निर्देश दिया गया। नगाड़ा दलों के आवागमन के लिए विशेष वाहन की व्यवस्था भी की जाएगी।

स्थापना दिवस समारोह में दिखेगी बोकारो की विकास यात्रा

लुगुबुरू में आयोजित होने वाले झारखंड स्थापना दिवस समारोह के तहत जिला स्तरीय प्रदर्शनी को आकर्षक और जानकारीपरक बनाने की भी तैयारी है। इस संबंध में उपायुक्त अजय नाथ झा ने अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रदर्शनी में जनजातीय कला, पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीत, लोकनृत्य और सांस्कृतिक विरासत के लिए विशेष कॉर्नर बनाने का निर्देश दिया।

प्रदर्शनी में जिले की विकास यात्रा, कल्याणकारी योजनाओं, सड़क-पुल, भवन और अन्य आधारभूत संरचना परियोजनाओं के साथ बैंकिंग क्षेत्र की उपलब्धियां भी प्रदर्शित की जाएंगी। 15 से 24 नवंबर तक आयोजित गतिविधियों, विद्यालयों के कार्यक्रमों और खेल प्रतियोगिताओं की तस्वीरों को भी स्थान मिलेगा। प्रखंड स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित कर उत्कृष्ट प्रतिभागियों का चयन करने पर जोर दिया गया है।

स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर

आयोजन परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए बांस से बने डस्टबिन और बेंच लगाने का निर्देश दिया गया है। वहीं, दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रतिमा स्थल और आरोग्यवन में चल रहे विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने को कहा गया है।

उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया। प्रशासन का जोर है कि महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल, बेहतर सुविधाएं और झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अनुभव मिले।

Share.
Next Story
बेल्ट ग्रेडेशन परीक्षा में सफल कराटेकारों को मिला प्रमाण-पत्र, आत्मरक्षा का भी दिया गया प्रशिक्षण
Exit mobile version