धनबाद: IIT-ISM धनबाद में शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना ने संस्थान परिसर में हलचल मचा दी। एक्वामरीन बिल्डिंग की आठवीं मंजिल से गिरने के कारण 25 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही संस्थान प्रशासन ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान महाराष्ट्र निवासी माने राज कुमार प्रतीक के रूप में हुई है। वह IIT-ISM में पेट्रोलियम इंजीनियरिंग के फाइनल ईयर का छात्र था। जानकारी के मुताबिक, घटना शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे हुई। छात्र के आठवीं मंजिल से गिरने की सूचना मिलते ही संस्थान में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के बाद संस्थान प्रशासन ने बिना देरी किए छात्र को अशर्फी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। छात्र की मौत की खबर से संस्थान के छात्रों और कर्मचारियों के बीच शोक का माहौल है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि छात्र आठवीं मंजिल से किन परिस्थितियों में गिरा। घटना दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल में जुटी है।
