Saturday, November 21

हरमू रोड स्थित गोकुलधाम गौशाला में दो दिवसीय महोत्सव शुरू, आज राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार होंगे शामिल…भजन और श्रीकृष्ण रासलीला का भी होगा आयोजन

 

रांची: रांची गौशाला न्यास की ओर से हरमू रोड स्थित गोकुलधाम गौशाला में दो दिवसीय 122वें श्रीकृष्ण गोपाष्टमी महोत्सव की शुरुआत हुई। महोत्सव के पहले दिन गौ कथा और सत्संग का आयोजन किया गया। इसमें पखमेड़ा से पहुंचे कथावाचक ग्वालसंत ने गौ-महिमा और गौ-सेवा के महत्व पर कथा प्रस्तुत की।

 

यह आयोजन ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ के संकल्प को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। कथा और सत्संग के माध्यम से गौ-सेवा के महत्व और समाज में इसके प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

 

आज होंगे कई धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम

 

महोत्सव के दूसरे दिन गौशाला परिसर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसकी शुरुआत गणेश पूजन से होगी। इसके बाद गौ-पूजन, गौ-दर्शन और तुलादान का कार्यक्रम होगा। शाम 6 बजे से दानदाताओं को सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

वहीं, शाम 6:30 बजे से गोवर्धन, मथुरा से आए भजन गायक राजेश प्रसाद शर्मा और श्याम लोक कला मंच सेवा समिति की टीम द्वारा भजन प्रस्तुति दी जाएगी। इसके साथ ही श्रीकृष्ण रासलीला का भी आयोजन होगा।

रांची गौशाला न्यास के अध्यक्ष पुनीत पोद्दार ने श्रद्धालुओं से महोत्सव में शामिल होने की अपील की।

Share.
Next Story
ई-कल्याण छात्रवृत्ति के भुगतान को लेकर 18 नवंबर को उपायुक्त कार्यालय का घेराव करेगा AISF, चमरा लिंडा के इस्तीफे की भी मांग
Exit mobile version