Saturday, November 21

रांची: नामकुम थाना क्षेत्र के तेतरी टोली में गुरुवार को एक बंद घर से युवक का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव कमरे के अंदर मिला। उसकी स्थिति देखकर पुलिस ने करीब 10 से 12 दिन पुराना होने का अनुमान लगाया है। सूचना मिलने पर नामकुम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाकर शव को कब्जे में लिया।

स्थानीय लोगों ने बंद घर के अंदर शव होने की सूचना पुलिस को दी थी। नामकुम थाना प्रभारी रामनारायण सिंह के अनुसार, शुरुआती जांच में युवक की मौत फंदे से लटकने के कारण होने की आशंका है। हालांकि, पुलिस हत्या और आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। इसके लिए पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और बंद घर के मालिक से भी जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है, ताकि शव की पहचान की जा सके।

घटनास्थल पर पहुंची एफएसएल की टीम ने जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

Share.
Next Story
रांची में महिलाओं की आत्मनिर्भरता से लेकर किसानों की आय बढ़ाने तक कई पहल, 1561 बकरियों का हुआ टीकाकरण
Exit mobile version