2050 के विकसित झारखंड की परिकल्पना पर काम कर रही सरकार, आंदोलनकारियों के सपनों को साकार करना लक्ष्य
रांची। झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लोकतंत्र, समानता और जनहित का संदेश दिया। उन्होंने विधानसभा को लोकतंत्र का सबसे बड़ा मंदिर बताते हुए कहा कि यह न जाति देखता है, न धर्म, न अमीरी-गरीबी और न ही ऊंच-नीच। यहां सभी समान हैं। यह इंसानियत और मानवता का मंदिर है, जहां जनता के हित में फैसले लिए जाने चाहिए।
समारोह में राज्यपाल संतोष गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
उत्कृष्ट विधायक निरल पूर्ति की सराहना
मुख्यमंत्री ने मझगांव के विधायक निरल पूर्ति को उत्कृष्ट विधायक सम्मान मिलने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि निरल पूर्ति लगातार अपने क्षेत्र के विकास और जनता के काम में जुटे रहते हैं। ऐसे जनप्रतिनिधि कम ही मीडिया में दिखाई देते हैं, लेकिन कुछ लोग ऐसे भी हैं जो काम कम करते हैं और मीडिया में ज्यादा नजर आते हैं।
जनता के हित में फैसले लेने की जिम्मेदारी
हेमंत सोरेन ने कहा कि विधानसभा में लिए जाने वाले हर फैसले का उद्देश्य राज्य की जनता का हित होना चाहिए। जनता ने जिन प्रतिनिधियों को चुनकर सदन में भेजा है, उनकी जिम्मेदारी है कि वे लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरें और जनहित में नीतियां बनाएं।
2050 के झारखंड की परिकल्पना पर काम
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार वर्ष 2050 में झारखंड कैसा होगा, इसकी परिकल्पना को ध्यान में रखकर नीति-निर्धारण कर रही है। हमारा प्रयास है कि झारखंड आंदोलनकारियों के सपनों को साकार किया जाए। आने वाली पीढ़ियों को बेहतर व्यवस्था, विकास के अवसर और उज्ज्वल भविष्य मिले। इसी लक्ष्य के साथ सरकार राज्य के विकास की दिशा में काम कर रही है।
