लोहरदगा: झारखंड के लोहरदगा जिले में फेसबुक के जरिए शुरू हुए प्रेम संबंध का अंत दोहरी हत्या के साथ हुआ। भंडरा थाना क्षेत्र के कुंबा टोली बस्ती में रविवार देर रात पति ने अपनी पत्नी और उसके कथित प्रेमी की टांगी से काटकर हत्या कर दी। बताया जाता है कि पति ने दोनों को बेडरूम में नग्न अवस्था में देख लिया था। इसके बाद गुस्से में उसने दोनों पर टांगी से हमला कर दिया। वारदात इतनी बेरहमी से की गई कि आरोपी ने पत्नी का सिर धड़ से अलग कर दिया। मृतकों की पहचान पूजा देवी (28 वर्ष) और रोहित लहेरी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी पति सोनू लहेरी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, भंडरा प्रखंड के लैंपस कार्यालय के समीप कुंबा टोली बस्ती निवासी सोनू लहेरी की पत्नी पूजा देवी का बिहार के पटना जिले के बाढ़ निवासी रोहित लहेरी के साथ प्रेम संबंध था। रोहित, बृजमोहन लहेरी का पुत्र बताया गया है। परिजनों के मुताबिक, दोनों की पहचान फेसबुक के माध्यम से हुई थी। इसी सिलसिले में रोहित रविवार को पूजा से मिलने उसके घर पहुंचा था।
बेडरूम में दोनों को नग्न अवस्था में देखा
परिजनों ने बताया कि रविवार देर रात सोनू लहेरी ने अपनी पत्नी पूजा और रोहित को बेडरूम में नग्न अवस्था में देख लिया। इसके बाद वह आपा खो बैठा और टांगी से दोनों पर हमला कर दिया। हमले में पूजा और रोहित की मौत हो गई। इस दौरान सोनू ने पत्नी पूजा का सिर काटकर धड़ से अलग कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
डबल मर्डर की सूचना पर पहुंची पुलिस, आरोपी गिरफ्तार
दोहरी हत्या की सूचना मिलते ही भंडरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। वहीं, वारदात को अंजाम देने के आरोप में सोनू लहेरी को गिरफ्तार कर लिया गया।
भंडरा थाना प्रभारी मनोज गुप्ता ने बताया कि डबल मर्डर की घटना को सोनू लहेरी ने अंजाम दिया है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। आरोपी से पूछताछ और अन्य कानूनी प्रक्रियाओं के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
