देशभर के पुलिस तीरंदाज अक्टूबर में रांची में अपने निशाने की परीक्षा देंगे। झारखंड पुलिस को 15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता 2026-27 की मेजबानी मिली है, जो 22 से 26 अक्टूबर 2026 तक रांची के खेलगांव परिसर, होटवार में आयोजित होगी। इसमें विभिन्न राज्यों और केंद्रीय पुलिस संगठनों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

तैयारियों में जुटा पुलिस मुख्यालय
आयोजन को सफल बनाने के लिए झारखंड पुलिस मुख्यालय ने तैयारियां तेज कर दी हैं। एडीजी (जैप), रांची के कार्यालय से जारी पत्र में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं और उन्हें बैठक में शामिल होने की सूचना भी दी गई है।
डीजीपी ने जारी किए निर्देश
तैयारियों की समीक्षा के लिए 28 सितंबर को पुलिस मुख्यालय में डीजीपी तदाशा मिश्रा ने आयोजन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर निर्देश जारी किए। इसमें आयोजन की रूपरेखा, अधिकारियों की जिम्मेदारी और प्रतियोगिता को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की तैयारियों पर मुहर लगाई गई।
पांच दिन चलेगी प्रतियोगिता
पांच दिनों की इस प्रतियोगिता के दौरान रांची में राष्ट्रीय स्तर के पुलिस खिलाड़ियों और अधिकारियों की मौजूदगी रहेगी। आयोजन की सफलता के लिए पुलिस मुख्यालय स्तर पर समन्वय और अधिकारियों की भूमिका अहम होगी।
आयोजन समिति
डीजीपी तदाशा मिश्रा को संरक्षक बनाया गया है। अपर पुलिस महानिदेशक मनोज कौशिक अध्यक्ष, आईजी असीम विक्रांत मिंज उपाध्यक्ष और आईजी अजय लिंडा संगठन सचिव हैं। पुलिस अधीक्षक पूज्य प्रकाश और पुलिस अधिकारी प्रशांत सिंह को संयोजक बनाया गया है। पुलिस मुख्यालय, रेल, वायरलेस, विशेष शाखा, अभियान, सीआईडी, झारखंड जगुआर, गृह रक्षा वाहिनी और अग्निशमन सेवा के वरिष्ठ अधिकारी समिति के सदस्य हैं।


