Monday, November 23

श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में 101 दीपों से हुई महाआरती, गौ माता की मूर्ति स्थापित; माहेश्वरी प्रीमियर लीग के आयोजन की भी हुई घोषणा

रांची। राजधानी रांची में माहेश्वरी समाज की ओर से दीपावली के अवसर पर धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। 15 नवंबर, रविवार को श्री माहेश्वरी सभा रांची के तत्वावधान में श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर परिसर में दीपावली मिलन समारोह, भजन संकीर्तन एवं अन्नकूट महाप्रसाद का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में माहेश्वरी समाज के परिवारों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और अन्य लोगों ने हिस्सा लिया।

श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में आयोजित इस कार्यक्रम में भक्ति, परंपरा और सामाजिक एकजुटता का अनूठा संगम देखने को मिला। मंदिर में भगवान श्री लक्ष्मी नारायण का विशेष श्रृंगार किया गया, जहां भक्तों ने दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम के संयोजक एवं निवर्तमान अध्यक्ष किशन साबू ने बताया कि आयोजन की शुरुआत सुबह 10:30 बजे माहेश्वरी भवन में स्थापित संस्था के संस्थापक स्वर्गीय श्री गणेशनारायण साबू की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद दीपावली मिलन समारोह एवं धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत की गई।

इस दौरान आयोजित भजन संकीर्तन में भजन मंडली के सदस्य विभोर डागा, मनोज काबरा, अंकुर डागा, सर्वेश माहेश्वरी और नितेश लाखोटिया ने भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। भजनों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया। इसके बाद 101 दीपों के साथ सामूहिक महाआरती की गई।

मंदिर में गौ माता की मूर्ति स्थापित

कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में गौ माता की मूर्ति की स्थापना रहा। इस पहल को गौ सेवा और भारतीय संस्कृति के प्रति माहेश्वरी समाज की आस्था एवं समर्पण का प्रतीक बताया गया।

वहीं, मंदिर सभागार में ISKCON के सदस्यों के सहयोग से दीपदान कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें करीब 250 लोगों ने दीपदान कर धार्मिक अनुष्ठान में भाग लिया।

माहेश्वरी प्रीमियर लीग की हुई घोषणा

धार्मिक आयोजन के साथ कार्यक्रम में सामाजिक और युवा गतिविधियों को भी स्थान दिया गया। माहेश्वरी युवा संगठन की ओर से माहेश्वरी प्रीमियर लीग (MPL) की औपचारिक घोषणा की गई और प्रतियोगिता के फॉर्म का अनावरण किया गया।

इस अवसर पर युवा संगठन के अध्यक्ष उत्सव मंत्री, सचिव हर्षित चितलांगिया, श्री माहेश्वरी सभा के सचिव मनोज कल्याणी और उपाध्यक्ष गोवर्धन भाला ने संयुक्त रूप से फॉर्म का अनावरण किया।

आयोजकों के अनुसार, माहेश्वरी प्रीमियर लीग का आयोजन आगामी 8 से 10 जनवरी 2027 तक जिमखाना क्लब में किया जाएगा। प्रतियोगिता के संयोजक आयुष साबू, नयन बोड़ा, मधुर माहेश्वरी और अनमोल साबू हैं।

चार सामाजिक विषयों पर हुई चर्चा

कार्यक्रम के दौरान सभा के सचिव मनोज कल्याणी ने ‘नवारंभ’ के तहत चार महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों पर चर्चा की। इनमें गौरक्षा, नेत्रदान, अन्न बचाव और शस्त्र महत्व शामिल रहे। समाज के प्रबुद्धजनों ने इन विषयों पर अपने विचार साझा किए और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

आयोजन में अन्नकूट महाप्रसाद की भी व्यवस्था की गई, जिसमें श्रद्धालुओं और समाज के सदस्यों ने प्रसाद ग्रहण किया। भोजन की बर्बादी रोकने के उद्देश्य से परिसर में विशेष जागरूकता बैनर भी लगाए गए।

समाज के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रदेश महिला अध्यक्ष संगीता चितलांगिया, सभा कोषाध्यक्ष मनोज काबरा (दामा), उपाध्यक्ष गोवर्धन प्रसाद भाला, संगठन मंत्री राजेश सोमानी, शिव शंकर साबू, अशोक साबू, महिला समिति सचिव बिमला फलोड़, वंदना मारू, अनीता साबू, भारती चितलांगिया, रितु लखोटिया, लक्ष्मी चितलांगिया, अर्चना साबू, सुरेश सारडा, रमन बोड़ा, श्याम सुंदर पेड़ीवाल, गिरिजा शंकर पेड़ीवाल, महेंद्र चितलांगिया, बासुदेव भाला, राजेन्द्र बिरला, गौतम राठी, जुगल जी मारू, पंकज साबू, धीरेंद्र राठी, हेमंत माहेश्वरी, रुपेश भाला, अंकुर डागा, सौरभ साबू, सिद्धार्थ साबू, विपिन भाला सहित समाज के अनेक सदस्यों ने सक्रिय योगदान दिया।

आयोजन के अंत में आयोजकों ने कार्यक्रम में शामिल सभी समाज बंधुओं, महिलाओं, युवाओं और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। दीपावली मिलन, भजन संकीर्तन और अन्नकूट महाप्रसाद का यह आयोजन धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सामूहिक सहभागिता का संदेश देते हुए संपन्न हुआ।

Share.
Next Story
उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ संपन्न हुआ लोक आस्था का महापर्व छठ, घाटों पर गूंजे छठी मैया के जयकारे
Exit mobile version