Thursday, November 26

राँची : संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को राजधानी राँची में संविधान के मूल्यों, आदर्शों और नागरिकों की जिम्मेदारियों को लेकर अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। राँची समाहरणालय में अधिकारियों और कर्मियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया, वहीं संत जेवियर्स कॉलेज में संवैधानिक मूल्यों और ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य पर विचार-विमर्श हुआ।

राँची समाहरणालय में अधिकारियों ने किया संविधान की प्रस्तावना का पाठ

संविधान दिवस पर राँची समाहरणालय के ब्लॉक-ए स्थित द्वितीय तल के कमरा संख्या-207 में प्रस्तावना पठन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिला उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ऑनलाइन माध्यम से जुड़े और संविधान की प्रस्तावना के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। उप विकास आयुक्त संजय भगत ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों को संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराया।

इस दौरान अपर समाहर्ता रामनारायण सिंह, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी मोनी कुमारी, जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी वसीम अहमद सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

संत जेवियर्स कॉलेज में ‘विकसित भारत 2047’ और संवैधानिक मूल्यों पर मंथन

विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के निर्देशानुसार संत जेवियर्स कॉलेज, राँची में राजनीति विज्ञान विभाग के ‘कॉन्स्टिट्यूशन क्लब’ ने आईक्यूएसी के संयुक्त सहयोग से संविधान दिवस मनाया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और आर्ट्स डीन सह विभागाध्यक्ष प्रो. बी.के. सिन्हा के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने भारतीय संविधान को एक जीवंत दस्तावेज बताते हुए इसे लोकतंत्र की धड़कन करार दिया। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. फादर रॉबर्ट प्रदीप कुजूर, एस.जे ने कहा कि संविधान की प्रस्तावना भारत को समझने के लिए नैतिक और संवैधानिक दिशा-सूचक का काम करती है। न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के आदर्श केवल सैद्धांतिक बातें नहीं हैं, बल्कि ऐसी प्रतिबद्धताएं हैं, जिनका पालन नागरिकों और सार्वजनिक संस्थानों को करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से इन मूल्यों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने की अपील की।

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता एंथ्रोपोलॉजिस्ट और सिम्बायोसिस स्कूल ऑफ ओपन एंड डिजिटल लर्निंग की गेस्ट फैकल्टी डॉ. भावना हरचंदानी ने ‘संविधान और उसके सीमांत क्षेत्र: संवैधानिक वादों से विकसित भारत 2047 तक’ विषय पर व्याख्यान दिया। इस अवसर पर इंटरमीडिएट कॉलेज के प्राचार्य फादर अजय अनिल तिर्की, कॉमर्स डीन डॉ. नरेंद्र सिंह, डीएसडब्ल्यू डॉ. संजय सिन्हा, आईक्यूएसी समन्वयक डॉ. शिव कुमार, डॉ. धीरजमणि पाठक, डॉ. ज्योति टेटे, डॉ. सौम्या सिन्हा, डॉ. आशुतोष पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

मारवाड़ी कॉलेज में ‘हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान’ कार्यक्रम, क्विज प्रतियोगिता भी हुई

संविधान दिवस के अवसर पर मारवाड़ी कॉलेज, राँची में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की इकाइयों और राजनीति विज्ञान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ‘हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना के महत्व को समझाया। डॉ. आर.आर. शर्मा भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। विद्यार्थियों और एनएसएस स्वयंसेवकों ने प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया और संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ ली।

राजनीति विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. बहालेन होरो और विभिन्न विभागों के शिक्षकों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई। इसके बाद डॉ. जय प्रकाश रजक के नेतृत्व में क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों, नागरिक अधिकारों और कर्तव्यों से जुड़े विषयों पर अपनी रुचि दिखाई।

कार्यक्रम में विवेकानंद केंद्र, कन्याकुमारी से आए चिराग परमार और उनके सहयोगी ने संविधान के मूल्यों की व्याख्या करते हुए विद्यार्थियों को इनके प्रति प्रतिबद्ध रहने के लिए प्रेरित किया। अंत में अनुभव चक्रवर्ती ने धन्यवाद ज्ञापन किया। आयोजन में यति झा, नितीश कुमार, लकी, मन्नू, शालिनी, अनिशा, सिद्धांत और अभिषेक सहित एनएसएस स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Share.
Next Story
रामगढ़ की सपना शर्मा बनीं भारतीय नौसेना में सब-लेफ्टिनेंट, पहली कोशिश में पास किया SSB
Exit mobile version