दुनियाभर में करोड़ों लोगों को पैसा कमाने और अमीर बनने का पाठ पढ़ाने वाली मशहूर किताब ‘रिच डैड पुअर डैड’ के लेखक रॉबर्ट कियोसाकी खुद इस वक्त एक बड़े वित्तीय संकट से गुजर रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक उन पर कथित तौर पर 1.2 बिलियन डॉलर यानी करीब 11,400 करोड़ रुपये का भारी-भरकम कर्ज है। हैरानी की बात यह है कि इतना बड़ा आंकड़ा सामने आने के बावजूद रॉबर्ट कियोसाकी इसे किसी मुसीबत की तरह नहीं, बल्कि एक सुनहरे मौके की तरह देखते हैं। उन्होंने हाल ही में एक पॉडकास्ट में अपनी इस अनोखी सोच और कर्ज को लेकर अपनाई गई रणनीति के बारे में खुलकर बात की, जिसके बाद यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। हालांकि उनकी पूर्व पत्नी और बिजनेस पार्टनर किम कियोसाकी ने इस पूरे आंकड़े को लेकर एक अलग ही तस्वीर पेश की है।
यूट्यूब पॉडकास्ट में किया खुलासा
गेट रिच एजुकेशन नाम के यूट्यूब पॉडकास्ट चैनल पर करीब तीन महीने पहले दिए एक इंटरव्यू में रॉबर्ट कियोसाकी ने अपने इस कर्ज के बारे में विस्तार से बताया था, हालांकि इससे पहले भी वे कई बार इस पर बात कर चुके हैं। वे हमेशा से नगदी बचाने के बजाय एसेट खरीदने में पैसा लगाने की वकालत करते आए हैं।
‘कर्ज ही पैसा है’ – रॉबर्ट कियोसाकी
न्यूयॉर्क पोस्ट के मुताबिक, पॉडकास्ट में रॉबर्ट ने कर्ज को लेकर अपनी फिलॉसफी समझाते हुए कहा कि ‘कर्ज ही पैसा है’। हालांकि उन्होंने साफ किया कि वे आम लोगों को इसी रास्ते पर चलने की सलाह नहीं देते। उनका कहना है कि उन्होंने 1974 से इस विषय की गहराई से पढ़ाई की है, और अगर कोई यह खेल खेलना चाहता है तो सबसे पहले उसके नियम समझने जरूरी हैं।
कैसे काम करती है यह फिलॉसफी?
रॉबर्ट कियोसाकी का तरीका यह है कि जब किसी प्रॉपर्टी की कीमत बढ़ती है, तो वे उसे बेचने के बजाय उसके बदले लोन ले लेते हैं और उस लोन से मिली रकम को टैक्स-फ्री इनकम की तरह इस्तेमाल करते हैं। साथ ही वे अपने अलग-अलग निवेश को अलग-अलग LLC में बांटकर रखते हैं, ताकि एक डील के खराब होने का असर बाकी डील पर न पड़े।
पूर्व पत्नी ने बताई असली सच्चाई
रॉबर्ट की पूर्व पत्नी और बिजनेस पार्टनर किम कियोसाकी का कहना है कि इस आंकड़े को पब्लिक में गलत ढंग से पेश किया जा रहा है। उनके मुताबिक, यह कर्ज असल में 1500 अपार्टमेंट यूनिट से जुड़ा है और इसे कई पार्टनर्स के साथ मिलकर लिया गया है, जिसमें रॉबर्ट कियोसाकी की हिस्सेदारी बेहद कम है।
इसे भी पढ़े – जमशेदपुर के कदमा में गैस कनेक्शन लगाते समय लगी आग, दो मजदूर बुरी तरह झुलसे
