Tuesday, October 13

धनबाद: धांगी मोड़ के समीप बलियापुर रोड स्थित सूर्या हाइलैंड सिटी में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। सरायढेला थाना क्षेत्र की इस सोसाइटी में चोरों ने दो बंद डुप्लेक्स को निशाना बनाया। एक घर में चोरी करने में सफल रहे, जबकि दूसरे घर का ताला तोड़ने के बाद चोर खिड़की तक पहुंच पाए, लेकिन चोरी नहीं कर सके।

जानकारी के अनुसार, डुप्लेक्स गायत्री-15 के मकान मालिक गजेंद्र सिंह पिछले 14 दिनों से तीर्थ यात्रा पर गए हुए थे। रविवार शाम जब वह वापस लौटे तो मुख्य गेट बाहर से बंद था। अंदर जाने पर उन्होंने देखा कि दरवाजे का ताला और कुंडी टूटी हुई थी। घर के कमरों में सामान बिखरा पड़ा था।

गजेंद्र सिंह ने सोसाइटी के लोगों को इसकी सूचना दी। इसके बाद लोगों के साथ घर के अंदर जाकर देखा गया तो सभी कमरों में सामान अस्त-व्यस्त था। उनके अनुसार, घर से जेवरात, कीमती कपड़े और अन्य सामान गायब हैं। उन्होंने शुरुआती तौर पर चोरी गए सामान की कीमत करीब 15 से 20 लाख रुपये बताई है। हालांकि, उनका कहना है कि पूरी जांच और सामान का आकलन होने के बाद ही वास्तविक नुकसान का पता चल सकेगा।

दूसरे डुप्लेक्स में भी तोड़ा ताला

चोरों ने गजेंद्र सिंह के घर के पीछे स्थित सुरुचि-3 डुप्लेक्स को भी निशाना बनाया। यहां भी घर का ताला तोड़ दिया गया और खिड़की तोड़ने का प्रयास किया गया।

बताया गया कि इसी दौरान घर के बगल में रहने वाले व्यक्ति ने आवाज सुनकर लाइट जला दी। इसके बाद चोर मौके से भाग गए और दूसरे बंद घर में चोरी होने से बच गई।

सुरुचि-3 के मकान मालिक मनोज सिन्हा हैं, जो बैंक ऑफ बड़ौदा में काम करते हैं और फिलहाल धनबाद से बाहर हैं। पड़ोसियों ने उन्हें घटना की जानकारी दे दी है।

सूचना पर पहुंची पुलिस

गजेंद्र सिंह ने चोरी की सूचना सरायढेला थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई भी की।

फिलहाल चोरी की पूरी रकम और सामान का आकलन किया जा रहा है। घटना के बाद सोसाइटी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

Share.
Next Story
JHARKHAND DIGITAL EXCLUSIVE: बिंदल मॉल फायरिंग: मोहन यादव समेत दो गिरफ्तार, अजीत मंडल पुलिस को चकमा देकर फरार
Exit mobile version