झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने 48 घंटों के भीतर छात्रों की आड़ में अराजकता फैलाने वालों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगें पूरी तरह जायज हैं और गठबंधन उनके लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति संवेदनशील है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि छात्रों और अराजक तत्वों को एक नजर से नहीं देखा जाना चाहिए तथा आंदोलन की आड़ में माहौल बिगाड़ने वाले लोगों को चिन्हित कर कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। छात्र संयमित थे लेकिन भाजपा के द्वारा पोषित कुछ लोग लाठी डंडों से लैस होकर छात्रों के आंदोलन में घुस गए थे और जानबूझकर उन्होंने पूरे आंदोलन को हाईजैक कर छात्रों को भ्रमित करने, मारपीट करने और शहर समेत राज्य में अराजकता फैलाने का काम किया । उन्होंने कहा कि वीडियो फुटेज में ऐसे लोग कैद हैं और पुलिस को उनपर जल्द से जल्द कार्रवाई करनी चाहिए । राज्य में चल रहे छात्र आंदोलन को लेकर INDIA गठबंधन के एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को मुख्य सचिव अविनाश कुमार से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया और आंदोलन की आड़ में अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), कांग्रेस, राजद और माले के नेता शामिल थे।
INDIA गठबंधन का प्रतिनिधिमंडल मुख्य सचिव से मिला, 48 घंटे में दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने मख्य सचिव को सौंपा वीडियो फुटेज जिसमें कई लोग लाठी डंडों के साथ थे मौजूद
कांग्रेस नेताओं के गंभीर आरोप
मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि भाजपा पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठा रही है, इसलिए यह जरूरी है कि फुटेज के आधार पर यह तय किया जाए कि कौन छात्र था और कौन भीड़ में शामिल होकर माहौल बिगाड़ रहा था। निष्पक्ष जांच के बाद ही कार्रवाई होनी चाहिए। गठबंधन के नेताओं ने आरोप लगाया कि छात्र आंदोलन की आड़ में भाजपा और उसके अनुषांगिक संगठनों से जुड़े लोगों ने सुनियोजित तरीके से माहौल खराब करने की कोशिश की और सरकार को बदनाम करने के लिए अराजकता फैलाई। ऐसे लोगों को चिन्हित कर उन पर कार्रवाई जरूरी है।कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि छात्रों की आड़ में अराजकता फैलाने वालों पर 48 घंटे के भीतर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने सीआईडी जांच की गति तेज करने और परीक्षा से जुड़े मामलों, विशेषकर CGL, में पारदर्शी व निर्णायक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
सीसीटीवी और वीडियो फुटेज खोलेगा राज
गठबंधन नेताओं ने मुख्य सचिव को वीडियो फुटेज भी सौंपे, जिसमें कथित तौर पर अराजकता फैलाने वाले तत्वों की गतिविधियां दिखाई देने का दावा किया गया है। नेताओं ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध प्रमाणों के आधार पर दोषियों की पहचान कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जबकि निर्दोष छात्रों को किसी भी स्थिति में परेशान न किया जाए। गठबंधन नेताओं ने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक तत्वों द्वारा छात्र आंदोलन को भटकाने और सरकार को बदनाम करने की कोशिश की गई है। विनोद पांडेय ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि छात्र हित के मुद्दों का समाधान निकालने के बजाय विपक्ष माहौल को उग्र कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रहा है।
राजद भी मुस्तैद
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि जांच में कोई छात्र अराजक गतिविधियों में शामिल पाया जाता है तो उसे भी संरक्षण नहीं मिलना चाहिए और कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए । राजद के नेताओं श्री मनोज पांडेय और श्री आबिद अली ने भी गठबंधन के साथ एकजुटता जताते हुए कहा कि अशांति फैलाने वाले तत्व छात्र नहीं हो सकते और उन्हें तत्काल चिन्हित कर गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
गठबंधन का दावा
गठबंधन ने दावा किया कि JPSC मामले में पहले ही कार्रवाई शुरू हो चुकी है और दो दर्जन से अधिक आरोपियों की गिरफ्तारी व पूछताछ जारी है। साथ ही CGL समेत अन्य परीक्षा मामलों में भी जांच एजेंसियां सक्रिय हैं। प्रतिनिधिमंडल में झामुमो से श्री विनोद कुमार पांडेय, विधायक श्री विकास मुंडा, विधायक श्री एमटी राजा और विधायक श्री सुदीप गुडिया, कांग्रेस से प्रदेश अध्यक्ष श्री केशव महतो कमलेश, विधायक श्री राजेश कच्छप, विधायक श्री सुरेश बैठा, विधायक श्रीमती ममता देवी और श्री राजेश ठाकुर; तथा राजद से श्री मनोज पांडेय और श्री आबिद अली शामिल रहे। INDIA गठबंधन ने स्पष्ट किया कि छात्रों के वास्तविक मुद्दों का समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता है, लेकिन आंदोलन की आड़ में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गठबंधन ने चेतावनी दी कि समय रहते कार्रवाई नहीं होने पर अराजक तत्वों का मनोबल बढ़ सकता है।
