रांची: JPSC-JSSC भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के विरोध में आज छात्र संगठनों का विधानसभा घेराव प्रस्तावित है। विधानसभा घेराव को लेकर राज्यभर से छात्र रांची पहुंचे हैं। सुबह से ही अलग-अलग जिलों से छात्रों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।
पुराना विधानसभा मैदान से हजारों छात्रों ने विधानसभा के लिए कूच कर दिया है। हाथों में तख्तियां और झंडे लेकर छात्र नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ रहे हैं। छात्रों का कहना है कि सरकार को हर हाल में उनकी मांगें माननी होंगी। उनका स्पष्ट कहना है कि जब तक मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।
छात्रों के मार्च को लेकर रांची में कड़ी सुरक्षा
छात्रों के विधानसभा मार्च को देखते हुए राजधानी रांची में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। हजारों की संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। कई स्थानों पर बैरिकेडिंग के साथ-साथ कंटीले तार लगाए गए हैं। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए वाटर कैनन भी तैनात किए गए हैं।
हालांकि, छात्र संगठनों का दावा है कि विधानसभा घेराव पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा। छात्रों का कहना है कि वे लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग सरकार तक पहुंचाने के लिए मार्च कर रहे हैं।
CM हाउस के बाहर BJP का प्रदर्शन, विधायकों को हिरासत में लेने की तैयारी
वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री आवास के बाहर भाजपा का प्रदर्शन भी जारी है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत पार्टी के विधायक सीएम हाउस के बाहर धरने पर बैठे हैं। भाजपा नेता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से ‘गद्दी छोड़ो’ के नारे लगाए जा रहे हैं। वहीं, पुलिस ने सीएम आवास के बाहर प्रदर्शन कर रहे भाजपा नेताओं और विधायकों को डिटेन करना शुरू कर दिया है।
एक तरफ विधानसभा की ओर बढ़ते हजारों छात्रों का मार्च और दूसरी तरफ सीएम आवास के बाहर भाजपा का प्रदर्शन—रांची में आज सियासी और छात्र आंदोलन, दोनों मोर्चों पर माहौल गरम है।
इसे भी पढ़े – 26 साल में पहली बार परीक्षा गड़बड़ी पर CM हाउस घेराव


