रांची विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. राज कुमार शर्मा ने किया उद्घाटन, हिंदी-अंग्रेजी साहित्य पर आधारित प्रतियोगिताओं में रांची और जोन-जी के विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
रांची। डीएवी पब्लिक स्कूल, हेहल में सोमवार को तीन दिवसीय साहित्य उत्सव ‘वाग्मी’ का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रांची विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. राज कुमार शर्मा उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पूर्व प्रोफेसर डॉ. राम किशोर शर्मा और पुणे विश्वविद्यालय के पूर्व प्रोफेसर डॉ. वी.एन. भालेराव शामिल हुए। विद्यालय के प्राचार्य सह सहायक क्षेत्रीय अधिकारी (एआरओ) बिपिन राय ने अतिथियों का स्वागत पौधा और शॉल भेंटकर किया।
कार्यक्रम की शुरुआत गायत्री मंत्र, दीप प्रज्वलन और स्वागत गीत के साथ हुई। तीन दिवसीय साहित्य उत्सव में हिंदी और अंग्रेजी साहित्य से जुड़ी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इनमें भाषण, वाद-विवाद, कहानी लेखन, कविता लेखन, आशु भाषण और प्रश्नोत्तरी जैसी गतिविधियां शामिल हैं। रांची के विभिन्न डीएवी पब्लिक स्कूलों के साथ जोन-जी के विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
ज्ञान का विस्तार और अभिव्यक्ति कौशल जरूरी
मुख्य अतिथि डॉ. राज कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को उद्यमशील और लगनशील बनने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन को सफल बनाने के लिए ज्ञान का विस्तार करना जरूरी है। उन्होंने ‘वाग्मी’ जैसे आयोजनों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मंच विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और विचारों को सामने रखने का अवसर देते हैं।
विशिष्ट अतिथि डॉ. राम किशोर शर्मा ने विद्यार्थियों को शब्दों की साधना करने और अपने बौद्धिक ज्ञान का मंथन करने की सलाह दी। वहीं डॉ. वी.एन. भालेराव ने कहा कि शिक्षा परिवर्तन और विचारों के मंथन का नाम है। विद्यालय के प्राचार्य बिपिन राय ने ‘वाग्मी’ का अर्थ समझाते हुए विद्यार्थियों से अपने ज्ञान के बल पर वाकपटु बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की वाणी ऐसी होनी चाहिए कि श्रोता उनके विचारों से प्रभावित हों।
वाद-विवाद में टीसीआई गोविंदपुर बना विजेता
साहित्य उत्सव के पहले दिन वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों के सामने माता-पिता की अत्यधिक अपेक्षाओं से होने वाले लाभ और नुकसान तथा छात्र आंदोलनों की प्रभावशीलता जैसे विषय रखे गए। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपने तर्कों और विचारों के माध्यम से पक्ष-विपक्ष में अपनी बात रखी।
वाद-विवाद प्रतियोगिता में डीएवी पब्लिक स्कूल टीसीआई गोविंदपुर की टीम ओवरऑल विजेता रही, जबकि डीएवी हजारीबाग ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के एसएच बी. कार्तिक, अनुश्री सिन्हा और मौसमी मजूमदार की प्रमुख भूमिका रही। साहित्य उत्सव के आगामी दो दिनों में भी विभिन्न साहित्यिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
