रांची: शहर में आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई करने वाले तीन पहिया मालवाहक वाहनों को नो-एंट्री के दौरान प्रवेश की अनुमति देने की मांग को लेकर फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि सुबह और शाम दो-दो घंटे की नो-एंट्री व्यवस्था के कारण छोटे मालवाहक वाहनों से जुड़े कारोबारियों को परेशानी हो रही है।
चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने कहा कि त्योहारी सीजन नजदीक है। ऐसे में शहर में जरूरी सामान की सप्लाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति में लगे तीन पहिया मालवाहक वाहनों को निर्धारित रूट और शर्तों के साथ कम से कम शाम की नो-एंट्री अवधि में प्रवेश की अनुमति दी जाए।
रूट की सूची मांगी
मुलाकात के दौरान एसएसपी ने शाम 5 से 7 बजे की नो-एंट्री के दौरान उन मार्गों की जानकारी मांगी, जहां मालवाहक वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है या ट्रैफिक का दबाव ज्यादा होता है। उन्होंने चैंबर से संबंधित मार्गों की सूची और रूट उपलब्ध कराने को कहा।
एसएसपी ने आश्वासन दिया कि चैंबर से मिलने वाली जानकारी और संबंधित इलाकों में यातायात के दबाव की समीक्षा के बाद आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई करने वाले तीन पहिया मालवाहक वाहनों को नो-एंट्री में छूट देने के प्रस्ताव पर उचित विचार किया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल ने जालान रोड क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट कारोबारियों की समस्याओं को भी एसएसपी के सामने रखा।
ट्रांसपोर्ट नगर का किया निरीक्षण
ट्रांसपोर्ट कारोबारियों की समस्याओं को लेकर चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल के नेतृत्व में झारखंड चैंबर और रांची गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने ट्रांसपोर्ट नगर का भी दौरा किया। इस दौरान वहां उपलब्ध सुविधाओं और कारोबारियों को व्यवस्थित रूप से जगह उपलब्ध कराने की संभावनाओं का जायजा लिया गया।
तुलसी पटेल ने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर में कारोबारियों को उचित स्थान कैसे उपलब्ध कराया जाए और आवंटन की प्रक्रिया क्या हो, इस पर जल्द ही झारखंड के मुख्य सचिव से मुलाकात कर चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि चैंबर का प्रयास ट्रांसपोर्ट कारोबारियों की समस्याओं का व्यावहारिक और स्थायी समाधान निकालना है।
प्रतिनिधिमंडल में चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल, उपाध्यक्ष विकास विजयवर्गीय, सह सचिव अमित शर्मा, पूजा ढाढा, कार्यकारिणी सदस्य विनीता सिंघानिया और मोनिका गोयनका सहित रांची गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के पदाधिकारी और अन्य प्रतिनिधि शामिल रहे।
