Thursday, November 5

रांची। झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन अब डिजिटल प्लेटफॉर्म तक पहुंच गया है। झारखंड लोक सेवा आयोग यानी JPSC और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग यानी JSSC की परीक्षाओं में पारदर्शिता, निष्पक्षता और परीक्षा व्यवस्था में बड़े सुधार की मांग को लेकर प्रतियोगी छात्रों ने मोर्चा खोल दिया है। JPSC-JSSC Reform मंच के बैनर तले आज सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर देशव्यापी डिजिटल अभियान चलाने का ऐलान किया गया है।

इस अभियान के तहत छात्र सुबह से ही #cbiforjpscjssc हैशटैग के जरिए अपनी मांगों को सोशल मीडिया पर उठाएंगे। अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग है कि भर्ती परीक्षाओं में सामने आने वाली कथित अनियमितताओं और पेपर लीक जैसे मामलों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जरूरत पड़ने पर इसकी जांच CBI से कराई जाए।

क्या है छात्रों की प्रमुख मांगें?

अभ्यर्थियों ने इस डिजिटल मुहिम के जरिए सरकार और संबंधित परीक्षा आयोगों के सामने तीन प्रमुख मांगें रखी हैं। पहली मांग है कि अभ्यर्थियों को समय पर और निष्पक्ष न्याय मिले। दूसरी मांग चयन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और भेदभाव रहित बनाने की है। वहीं तीसरी मांग परीक्षा प्रणाली की सुरक्षा को मजबूत करने की है, ताकि पेपर लीक और दूसरी गड़बड़ियों की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

मंच से जुड़े छात्र प्रतिनिधियों का कहना है कि लगातार सामने आ रही कथित अनियमितताओं के कारण बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। वर्षों तक तैयारी करने वाले युवाओं के लिए एक परीक्षा केवल नौकरी का माध्यम नहीं, बल्कि उनके भविष्य और करियर से जुड़ा सवाल है।

अभ्यर्थियों ने झारखंड समेत देशभर के प्रतियोगी छात्रों से इस डिजिटल अभियान में शामिल होने की अपील की है। छात्रों ने “न्याय दो, भविष्य दो, हमारा हक दिलाओ” के नारे के साथ एकजुट होकर अपनी आवाज सरकार तक पहुंचाने का आह्वान किया है।

Share.
Next Story
IIT से IIM, लंदन की नौकरी और फिर IAS… 13 साल बाद दिव्या मित्तल ने छोड़ी प्रशासनिक सेवा
Exit mobile version