झारसुगुड़ा पैसेंजर यार्ड के रीमॉडलिंग कार्य के कारण रेलवे का फैसला, हटिया-झारसुगुड़ा एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें अलग-अलग तारीखों में रद्द; कुछ ट्रेनों का परिचालन हटिया और राउरकेला तक सीमित रहेगा।

रांची: अगर आप नवंबर के अंतिम सप्ताह या दिसंबर में ट्रेन से सफर करने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में झारसुगुड़ा पैसेंजर यार्ड का रीमॉडलिंग कार्य शुरू होने जा रहा है। इस तकनीकी कार्य के चलते रेल परिचालन में बड़ा बदलाव किया गया है।
इसका असर रांची रेल मंडल से खुलने और यहां पहुंचने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों पर पड़ेगा। रेलवे ने कुछ ट्रेनों को अलग-अलग तारीखों में रद्द करने, कुछ का रूट बदलने और कुछ ट्रेनों को निर्धारित स्टेशन से पहले ही समाप्त करने का फैसला लिया है।
हटिया-झारसुगुड़ा एक्सप्रेस 20 दिनों तक रद्द
सबसे ज्यादा असर हटिया-झारसुगुड़ा एक्सप्रेस के यात्रियों पर पड़ेगा। ट्रेन संख्या 18175 हटिया-झारसुगुड़ा एक्सप्रेस 26 नवंबर से 15 दिसंबर तक रद्द रहेगी। वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 18176 झारसुगुड़ा-हटिया एक्सप्रेस 27 नवंबर से 16 दिसंबर तक नहीं चलेगी।
इसके अलावा हटिया-दुर्ग एक्सप्रेस 8 और 10 दिसंबर को, जबकि दुर्ग-हटिया एक्सप्रेस 9 और 11 दिसंबर को रद्द रहेगी।
मुंबई, बेंगलुरु और पुणे जाने वाली ट्रेनें भी प्रभावित
लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों की मुश्किलें भी बढ़ने वाली हैं। हटिया-एलटीटी मुंबई एक्सप्रेस 11 और 12 दिसंबर को रद्द रहेगी। वहीं, मुंबई से हटिया आने वाली ट्रेन 13 और 14 दिसंबर को नहीं चलेगी।
इसी तरह हटिया-बेंगलुरु, हटिया-पुणे और हटिया-एर्नाकुलम एक्सप्रेस का परिचालन भी अलग-अलग तारीखों में प्रभावित रहेगा।
हटिया-बेंगलुरु एक्सप्रेस की दोनों सेवाएं, पुणे एक्सप्रेस और एर्नाकुलम एक्सप्रेस के परिचालन में भी रेलवे ने बदलाव किया है।
गोरखपुर-संबलपुर और आरा-दुर्ग एक्सप्रेस का बदलेगा परिचालन
कुछ ट्रेनों को उनके निर्धारित गंतव्य तक नहीं चलाया जाएगा। गोरखपुर-संबलपुर एक्सप्रेस 30 नवंबर, 6 दिसंबर और 8 से 15 दिसंबर तक संबलपुर के बजाय हटिया तक ही चलेगी।
वहीं, वापसी में संबलपुर-गोरखपुर एक्सप्रेस 1 दिसंबर, 7 दिसंबर और 9 से 16 दिसंबर तक संबलपुर के बजाय हटिया से रवाना होगी।
इसके अलावा आरा-दुर्ग एक्सप्रेस 28 नवंबर और 4 से 15 दिसंबर तक राउरकेला में ही समाप्त होगी। वापसी में दुर्ग-आरा एक्सप्रेस 29 नवंबर और 5 से 16 दिसंबर तक राउरकेला से ही खुलेगी।
रेलवे ने यात्रियों से की खास अपील
इस संबंध में सीनियर डीसीएम श्रेया सिंह ने यात्रियों से अपील की है कि सफर पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की तारीख और परिचालन की स्थिति जरूर जांच लें। रेलवे ने यात्रियों को आधिकारिक सूचना देखने या हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क करने की सलाह दी है।
यार्ड रीमॉडलिंग का काम पूरा होने तक यह बदलाव लागू रहेंगे। ऐसे में यात्रा की योजना बनाने से पहले ट्रेन का शेड्यूल जांचना जरूरी है।


