स्कूल के गेट के बाहर बिना लाइसेंस दोपहिया दौड़ाते नाबालिग अब प्रशासन की नजर से नहीं बच पाएंगे। DC मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर जांच अभियान चलाया गया। इसमें नाबालिगों के वाहन चलाने, स्कूली बच्चों के परिवहन में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी वाहनों की अनाधिकृत पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई हुई।
जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम ने डीपीएस और केराली स्कूल समेत कई विद्यालयों के बाहर जांच की। बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के दोपहिया चलाते पाए गए 30 नाबालिगों को चेतावनी देकर छोड़ा गया, जबकि 5 वाहन जब्त किए गए।
अभिभावकों से अपील
अधिकारियों ने नाबालिगों को बताया कि बिना लाइसेंस वाहन चलाना कानून का उल्लंघन है। कम उम्र में वाहन चलाना चालक के साथ-साथ दूसरे सड़क उपयोगकर्ताओं के लिए भी गंभीर जोखिम पैदा कर सकता है। अभिभावकों से अपील की गई कि वे बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें।
पांच सीट की गाड़ी में 12 से 14 बच्चे
अभियान में स्कूली बच्चों को ले जाने वाले वाहनों की भी जांच हुई। कई वाहनों में क्षमता से कहीं ज्यादा बच्चे बैठे मिले। खासतौर पर पांच सीट वाले वाहनों में 12 से 14 विद्यार्थियों को घर से स्कूल और स्कूल से घर ले जाने के मामले सामने आए।
ऐसे चालकों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की गई और उन्हें बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की सख्त हिदायत दी गई। चालकों को निर्देश दिया गया कि किसी भी परिस्थिति में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चे न बैठाएं। स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों से भी बच्चों के सुरक्षित परिवहन को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।
बुण्डू टोल प्लाजा के पास भी कार्रवाई
इसी क्रम में बुण्डू टोल प्लाजा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी वाहनों की अनाधिकृत पार्किंग की जांच की गई। यातायात और सड़क सुरक्षा में बाधा बनने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई हुई और चालकों को हाईवे पर अनधिकृत रूप से वाहन खड़ा न करने का निर्देश दिया गया।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नाबालिगों के वाहन चलाने, स्कूली परिवहन के सुरक्षा मानकों के उल्लंघन और यातायात व्यवस्था प्रभावित करने वाले वाहनों के खिलाफ नियमित जांच और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
अभियान में एमवीआई बिमल किशोर, सड़क सुरक्षा अभियंता गौरव कुमार और संबंधित यातायात थाना प्रभारी समेत परिवहन एवं यातायात विभाग के अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।
