चंदवा (लातेहार): झारखंड के लातेहार जिले में 92 किलो गांजा तस्करी मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। चंदवा पुलिस ने इस मामले में बिहार के दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों पिछले आठ महीने से पुलिस की गिरफ्त से बाहर थे। गिरफ्तारी के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के रोहतास जिले के डालमियानगर थाना क्षेत्र के न्यू सिधौली निवासी सुमंत कुमार चंद्रवंशी (43) और सावन कुमार (31) के रूप में हुई है।
सड़क हादसे के बाद पकड़ी गई थी गांजे की खेप
पुलिस के अनुसार, 11 मार्च 2026 को चंदवा थाना क्षेत्र के सिकनी के पास दो वाहनों के बीच सड़क दुर्घटना हुई थी। हादसे के बाद पुलिस ने वाहनों की तलाशी ली। इसी दौरान एक वाहन (जेएच05एएस-5465) से 87 पैकेट में छिपाकर रखा गया 92 किलो गांजा बरामद हुआ था।
गांजा बरामद होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। इस दौरान दोनों आरोपियों की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद से ही पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। करीब आठ महीने बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
