41.54 ग्राम मादक पदार्थ, दो मोबाइल और 3 हजार रुपये नकद जब्त; चंदवा-चांपी मार्ग से लोहरदगा ला रहे थे खेप, शंख पिकेट के पास पुलिस ने की कार्रवाई
लोहरदगा। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने 41.54 ग्राम ब्राउन शुगर जैसे पदार्थ के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन, तीन हजार रुपये नकद और एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप भी जब्त की गई है। पुलिस ने दोनों को उस समय पकड़ा, जब वे चंदवा-चांपी मार्ग से वाहन में मादक पदार्थ लेकर लोहरदगा की ओर आ रहे थे।
भागने की कोशिश नाकाम, शंख पिकेट के पास पकड़े गए आरोपी
पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि बोलेरो पिकअप (JH01FN-5898) से ब्राउन शुगर की खेप लोहरदगा लाई जा रही है। सूचना के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी और अन्य पुलिस पदाधिकारियों के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने शंख पिकेट रेलवे ओवरब्रिज के पास वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध बोलेरो पिकअप वहां पहुंची। पुलिस ने वाहन रोकने का इशारा किया तो उसमें सवार लोगों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया।
चालक सीट के नीचे छिपाकर रखे थे सात पैकेट
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लोहरदगा निवासी दिलीप कुमार (32) और गोलू वर्मा उर्फ आनंद वर्मा (30) के रूप में हुई है। अंचलाधिकारी की मौजूदगी में वाहन और आरोपियों की तलाशी ली गई। इस दौरान दिलीप कुमार के पास से दो मोबाइल फोन और तीन हजार रुपये नकद बरामद हुए। वहीं, बोलेरो पिकअप की चालक सीट के नीचे रखी सफेद पॉलीथिन से सात पीले पैकेट मिले। जांच में इन पैकेटों में ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ पाया गया, जिसका कुल वजन 41.54 ग्राम बताया गया है।
वाहन समेत मादक पदार्थ जब्त
पुलिस ने बरामद पदार्थ को विधिवत जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बोलेरो पिकअप को भी जब्त किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अहम सफलता माना जा रहा है।
