रांची: राजधानी रांची के बिशप स्कूल में शनिवार से दो दिवसीय सत्यानंद ओपन योग चैंपियनशिप की शुरुआत हुई। सत्यानंद योग एसोसिएशन और श्री अरविंदो आश्रम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न स्थानों से अलग-अलग आयु वर्ग के 400 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।
कार्यक्रम का उद्घाटन अभियान स्वास्थ्य निदेशक, झारखंड शशि प्रकाश झा समेत अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान श्री अरविंदो सोसायटी हेसल शाखा के सचिव रमेश भाई, राम स्वरूप रुंगटा, डॉ. रूपम कुमारी, संजय कुमार झा, पंकज प्रसाद, आदित्य कुमार सिंह, आनंद सिंह और ओपी शर्मा सहित कई लोग मौजूद रहे।
योग को स्वस्थ जीवन का आधार बताया
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए शशि प्रकाश झा ने योग को स्वस्थ जीवन का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि प्राचीन समय में ऋषि-मुनि योग के महत्व को समझते थे और नियमित योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाते थे। आज की बदलती जीवनशैली में योग की उपयोगिता और भी बढ़ गई है।
उन्होंने कहा कि पहले लोग प्रकृति के अधिक करीब रहते थे, लेकिन आधुनिक जीवनशैली में यह संभव नहीं है। ऐसे में शरीर और मन को स्वस्थ रखने के लिए योग एक प्रभावी पद्धति हो सकता है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सबसे बड़ी संपत्ति है और इसका महत्व वही व्यक्ति बेहतर समझ सकता है, जिसने बीमारी का सामना किया हो।
शशि प्रकाश झा ने योग के अर्थ को भी समझाते हुए कहा कि योग का मतलब जोड़ना है। एक व्यक्ति से शुरू होकर जब दूसरा और फिर तीसरा व्यक्ति इससे जुड़ता है, तो योग का संदेश और व्यापक होता जाता है।
नन्हे प्रतिभागियों ने योग प्रदर्शन से जीता दिल
उद्घाटन समारोह के दौरान संस्था के छोटे-छोटे बच्चों ने योग के विभिन्न आसनों का प्रदर्शन किया। बच्चों की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया और सभी ने उनका उत्साह बढ़ाया।
चैंपियनशिप के पहले दिन सीनियर वर्ग की योग प्रतियोगिता आयोजित की गई। वहीं प्रतियोगिता का दूसरा दिन रविवार सुबह 8 बजे से शुरू होगा।
योग के साथ पेंटिंग और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी
आयोजकों के मुताबिक, दो दिवसीय कार्यक्रम को केवल योग प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रखा गया है। इसके साथ पेंटिंग, निबंध लेखन, रंगोली और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है। विभिन्न गतिविधियों के जरिए बच्चों और युवाओं को योग के साथ रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रतियोगिता को सफल बनाने में झारखंड के निर्णायकों और योग प्रशिक्षकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।
कुवैत में योग प्रशिक्षक के तौर पर काम कर रहीं सलोनी सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान रांची की अंतरराष्ट्रीय योग प्रशिक्षक सलोनी कुमारी को सम्मानित किया गया। सलोनी वर्तमान में कुवैत में योग प्रशिक्षक के रूप में कार्य कर रही हैं। उन्हें अर्जुन समिति की ओर से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम से पहले संस्था के निदेशक आदित्य कुमार सिंह और सचिव डॉ. रूपम कुमारी ने अतिथियों का स्वागत किया।
मौके पर अमरेंद्र कुमार विकल, सुशीत बनर्जी, निक्की रानी, अन्नु झा, सीमा राय, कुमार सुजीत, सुनील कुमार, रवि रंजन, विवेक कुमार, निक्की कुमारी, अनुपम कुमारी, अभिषेक कुमार समेत बड़ी संख्या में योग प्रेमी और योग प्रशिक्षक मौजूद रहे।
दो दिनों तक चलने वाली यह चैंपियनशिप प्रतिभागियों को अपनी योग प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली और योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने का मंच भी प्रदान कर रही है।
इसे भी पढ़े – अक्षत की मौत का आरोपी रुद्र फाउंडेशन: ‘गाली-गलौज’ के आरोपों के बीच संचालक का कथित ऑडियो वायरल, अभद्र भाषा की हदें पार
