रांची: झारखंड के वॉलीबॉल जगत के लिए गर्व की खबर है। राज्य के दो अनुभवी वॉलीबॉल तकनीकी अधिकारियों को स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) ने 70वीं राष्ट्रीय स्कूल खेल प्रतियोगिता 2026-27 के आयोजन में अहम जिम्मेदारी सौंपी है। अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल रेफरी संजय कुमार को अंडर-14 बालक एवं बालिका वर्ग की राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता के लिए तकनीकी समिति का अध्यक्ष (ITO) नियुक्त किया गया है। वहीं, CISF की द्वितीय रिजर्व बटालियन, धुर्वा, रांची में पदस्थापित वॉलीबॉल प्रशिक्षक एवं FIVB लेवल-III प्रमाणित अधिकारी इंस्पेक्टर अमरजीत को चयन समिति का सदस्य (NTO) बनाया गया है।
SGFI की ओर से जारी नियुक्ति पत्र के अनुसार, राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता महाराष्ट्र के शिरडी (अहिल्यानगर) में 23 से 27 नवंबर 2026 तक आयोजित होगी। इसमें देश के विभिन्न राज्यों की अंडर-14 बालक और बालिका वर्ग की टीमें हिस्सा लेंगी।
तकनीकी संचालन से लेकर खिलाड़ियों के चयन तक निभाएंगे जिम्मेदारी
तकनीकी समिति के अध्यक्ष के रूप में संजय कुमार प्रतियोगिता के तकनीकी संचालन, खेल नियमों के पालन, रेफरी के बीच समन्वय और मैचों के निष्पक्ष संचालन की निगरानी करेंगे। वहीं, चयन समिति के सदस्य के तौर पर इंस्पेक्टर अमरजीत खिलाड़ियों के चयन से जुड़ी तकनीकी प्रक्रियाओं, खेल नियमों के अनुपालन और टीम प्रबंधन में अपनी भूमिका निभाएंगे।
दोनों अधिकारियों को राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह जिम्मेदारी वॉलीबॉल के क्षेत्र में उनके अनुभव और तकनीकी दक्षता का सम्मान मानी जा रही है। इससे झारखंड के खेल जगत को भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।
झारखंड वॉलीबॉल संघ ने दी बधाई
दोनों अधिकारियों के मनोनयन पर झारखंड वॉलीबॉल परिवार ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी है। संघ के संरक्षक शेखर बोस, चेयरमैन सुबोध कांत सहाय, अध्यक्ष आरके आनंद, कार्यकारी अध्यक्ष सुनील सहाय, सचिव उत्तम राज, एग्जीक्यूटिव उपाध्यक्ष विश्वनाथ सिंह, सीईओ डॉ. निशिकांत पाठक, कोषाध्यक्ष विकास वर्मा सहित संघ के अन्य पदाधिकारियों और सदस्यों ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया।
झारखंड वॉलीबॉल परिवार ने उम्मीद जताई कि दोनों अधिकारी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और निष्पक्षता के साथ करेंगे तथा राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का मान-सम्मान बढ़ाएंगे।
