पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका ने ईरान को लेकर अपने नागरिकों के लिए एक बार फिर कड़ी यात्रा चेतावनी जारी की है। अमेरिकी विदेश विभाग की ट्रैवल एडवाइजरी में नागरिकों से कहा गया है कि वे किसी भी कारण से ईरान की यात्रा न करें। वहीं, जो अमेरिकी नागरिक पहले से ईरान में मौजूद हैं, उन्हें जल्द से जल्द देश छोड़ने की सलाह दी गई है। अमेरिका ने ईरान को Level 4 यानी “Do Not Travel” श्रेणी में रखा है।
अमेरिकी मिशन की ओर से जारी सुरक्षा चेतावनी में कहा गया है कि क्षेत्र में सुरक्षा की स्थिति जटिल बनी हुई है और हालात अचानक और बिगड़ सकते हैं। इसके साथ ही उड़ानें रद्द होने, एयरस्पेस बंद होने और यात्रा में दूसरी तरह की रुकावटें आने की संभावना को लेकर भी सावधान किया गया है।
एयरपोर्ट और बॉर्डर से जुड़े अपडेट पर नजर रखने की सलाह
अमेरिकी नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे एयरपोर्ट, एयरलाइंस और बॉर्डर क्रॉसिंग से जुड़ी जानकारी लगातार जांचते रहें। अमेरिकी चेतावनी के मुताबिक ईरान की जमीनी सीमाओं पर प्रवेश और निकास से जुड़ी प्रक्रियाएं बिना ज्यादा सूचना के बदल सकती हैं।
नागरिकों से यह भी कहा गया है कि अगर वे ईरान से किसी दूसरे देश जाने की तैयारी कर रहे हैं तो उस देश की एंट्री और यात्रा संबंधी शर्तों की पहले से जानकारी ले लें।
ईरान समर्थित हूथियों का भी जिक्र
अमेरिकी चेतावनी में ईरान समर्थित हूथी समूह की गतिविधियों का भी उल्लेख किया गया है। अमेरिका ने कहा है कि हूथियों की ओर से सऊदी अरब के खिलाफ हमले किए गए हैं, जिनमें नागरिक हवाई अड्डों को भी निशाना बनाए जाने की बात कही गई है।
यह भी चेतावनी दी है कि क्षेत्र में सैन्य संघर्ष के और बढ़ने की आशंका बनी हुई है। अमेरिकी विदेश विभाग के मुताबिक ईरान या ईरान समर्थित समूह विदेशों में अमेरिकी हितों, संस्थानों और कारोबार से जुड़ी जगहों को निशाना बना सकते हैं। अमेरिकी डिप्लोमैटिक ठिकानों को पहले भी निशाना बनाए जाने का हवाला दिया गया है।
अमेरिकी नागरिकों को क्या सावधानी बरतने को कहा गया?
अमेरिकी नागरिकों से सुरक्षा अपडेट हासिल करने के लिए विदेश विभाग के Smart Traveler Enrollment Program (STEP) में रजिस्टर करने की सलाह दी गई है। इसके जरिए आपात स्थिति में अमेरिकी अधिकारियों से संपर्क करना आसान हो सकता है।
इसके अलावा नागरिकों से-
- प्रदर्शन और बड़ी भीड़ वाली जगहों से दूर रहने
- भारी पुलिस बल की मौजूदगी वाले इलाकों से बचने
- अमेरिका से जुड़ी पहचान को सार्वजनिक रूप से ज्यादा प्रदर्शित न करने
- एयरपोर्ट और एयरलाइन से जुड़ी जानकारी लगातार जांचते रहने
की सलाह दी गई है।
हवाई हमले की स्थिति में लोगों को खिड़कियों और कांच के दरवाजों से दूर रहने और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
सऊदी अरब को लेकर भी अमेरिकी चेतावनी
ईरान को लेकर जारी चेतावनी के बीच अमेरिका ने सऊदी अरब के लिए भी यात्रा संबंधी चेतावनी जारी की है। अमेरिकी विदेश विभाग ने 15 सितंबर को सऊदी अरब के लिए Level 3 यानी “Reconsider Travel” एडवाइजरी जारी की थी। इसमें ईरानी ड्रोन और मिसाइलों से अमेरिकी हितों को खतरे, सशस्त्र संघर्ष और आतंकवाद जैसी वजहों का हवाला दिया गया है।
सऊदी अरब के कुछ इलाकों को लेकर जोखिम ज्यादा बताया गया है। वहीं, यमन सीमा के पास के क्षेत्र के लिए अमेरिका ने “Do Not Travel” की चेतावनी दी है।
पश्चिम एशिया में यात्रा को लेकर बढ़ी सतर्कता
अमेरिकी विदेश विभाग पहले भी पश्चिम एशिया में बढ़े तनाव को देखते हुए अपने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दे चुका है। विभाग ने चेतावनी दी है कि क्षेत्र में हालात अचानक बदल सकते हैं और इसके कारण उड़ानें रद्द होने, एयरस्पेस बंद होने और यात्रा में अचानक बदलाव जैसी स्थिति बन सकती है।
ऐसे में अमेरिका ने अपने नागरिकों से यात्रा से पहले संबंधित देश की ताजा सुरक्षा स्थिति, एयरलाइन और एयरपोर्ट से जुड़ी जानकारी की जांच करने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा है।
इसे भी पढ़े – बड़गाईं जमीन मामला: आज PMLA कोर्ट में हेमंत सोरेन की पेशी, आरोप गठन पर होगी सुनवाई
