Wednesday, November 4

कोडरमा: झुमरीतिलैया स्थित सीडी बालिका प्लस टू विद्यालय के प्राचार्य शशिभूषण कुमार के निलंबन पर बुधवार को छात्राओं ने विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में छात्राएं कक्षाएं छोड़कर विद्यालय परिसर में जमा हो गईं और स्थानांतरण के फैसले को रद्द करने की मांग करने लगीं। अचानक हुए प्रदर्शन से कुछ देर के लिए विद्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रदर्शन कर रही छात्राओं का कहना था कि प्राचार्य शशिभूषण कुमार विद्यालय में पढ़ाई और अनुशासन की व्यवस्था बेहतर तरीके से संभाल रहे थे। उनके व्यवहार और कार्यशैली से छात्राएं संतुष्ट थीं। ऐसे में उनका स्थानांतरण छात्राओं के हित में नहीं है। छात्राओं ने सवाल उठाया कि जब प्राचार्य बेहतर काम कर रहे थे, तो फिर उनका स्थानांतरण क्यों किया जा रहा है।

समझाने पर भी नहीं मानीं छात्राएं

प्रदर्शन की सूचना मिलने पर विद्यालय के शिक्षक मौके पर पहुंचे और छात्राओं को समझाकर कक्षाओं में लौटने की अपील की। हालांकि, छात्राएं अपनी मांग पर अड़ी रहीं। उनका कहना था कि जब तक प्राचार्य का स्थानांतरण रद्द नहीं किया जाता, तब तक विरोध जारी रहेगा।

इधर, सूचना मिलने पर एसआइ पिंकी रानी पुलिस बल के साथ विद्यालय पहुंचीं। उन्होंने छात्राओं से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। वहीं, मामले की जानकारी मिलने के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारियों के भी विद्यालय पहुंचने की सूचना है। अधिकारी छात्राओं और विद्यालय प्रबंधन से बातचीत कर मामले को समझने का प्रयास कर रहे हैं।

छात्राओं की मुख्य मांग है कि शशिभूषण कुमार का स्थानांतरण रद्द कर उन्हें पूर्ववत विद्यालय में ही पदस्थापित रखा जाए। अब देखना होगा कि छात्राओं के विरोध के बाद शिक्षा विभाग इस मामले में क्या कदम उठाता है।

Share.
Next Story
बड़ी घटना को अंजाम देने पहुंचा था राहुल दुबे का गुर्गा… पुलिस ने चार गोलियों के साथ दबोचा
Exit mobile version