Tuesday, October 13
रांची: झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों के विधानसभा घेराव के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर सियासत तेज हो गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने प्रेस वार्ता कर राज्य सरकार पर निशाना साधा और 10 अगस्त की घटना को झारखंड के लिए “काला दिवस” बताया।
आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों को रोकने के लिए कंटीले तार, आंसू गैस, लाठीचार्ज और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने दावा किया कि कार्रवाई के दौरान छात्राओं और मीडिया कर्मियों के साथ भी दुर्व्यवहार हुआ तथा कैमरे तोड़े गए। हालांकि, ये सभी आरोप भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के हैं।

राहुल गांधी पर भी साधा निशाना

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने इस कार्रवाई के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भी जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि झारखंड में कांग्रेस के समर्थन से सरकार चल रही है, ऐसे में राहुल गांधी को छात्रों की मांगों को लेकर राज्य सरकार पर दबाव बनाना चाहिए।
इसके साथ ही आरोप लगाया कि अगर राहुल गांधी छात्रों के साथ हैं तो उन्हें मुख्यमंत्री आवास के बाहर छात्रों के साथ धरना देना चाहिए और सरकार से उनकी मांगों पर कार्रवाई की मांग करनी चाहिए। आदित्य साहू ने राहुल गांधी पर झारखंड के छात्रों के मुद्दे पर “दोहरा रवैया” अपनाने का आरोप लगाया।

CBI जांच की मांग को लेकर सरकार पर दबाव बनाने की अपील

आदित्य साहू  का कहना है  कि छात्र JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की CBI जांच की मांग कर रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी से सवाल किया कि यदि वह छात्रों के हितैषी हैं तो राज्य सरकार पर इस मांग को स्वीकार करने के लिए दबाव क्यों नहीं बनाते। भाजपा छात्रों की मांगों के समर्थन में सड़क से लेकर सदन तक आवाज उठाती रहेगी।

“लाठी, गोली और आंसू गैस से नहीं दबेगी छात्रों की आवाज”

आदित्य साहू ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रहे छात्रों की आवाज को पुलिस कार्रवाई के जरिए दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि “गोली, लाठी, बंदूक, वाटर कैनन और आंसू गैस से छात्रों की आवाज बंद नहीं होगी।”
उन्होंने दावा किया कि झारखंड का छात्र आंदोलन अब सिर्फ राज्य तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पूरे देश का मुद्दा बन गया है। उनके मुताबिक, एनडीए के सांसदों ने भी संसद के अंदर और बाहर झारखंड के छात्रों के पक्ष में आवाज उठाई है।

मुख्यमंत्री के बयान पर भी उठाए सवाल

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के उस बयान पर भी सवाल उठाया, जिसमें पुलिसकर्मियों के काम की सराहना और उन्हें सम्मानित करने की बात कही गई थी। उन्होंने सवाल किया कि छात्रों पर लाठीचार्ज, आंसू गैस और कथित दमनात्मक कार्रवाई को किस आधार पर अच्छा काम माना जा सकता है।

झारखंड बंद को सफल बताया

आदित्य साहू ने छात्रों पर हुई कार्रवाई के विरोध में भाजपा की ओर से बुलाए गए झारखंड बंद को सफल बताया। उन्होंने कहा कि कम समय में बंद का आह्वान किए जाने के बावजूद राज्यभर में लोगों का समर्थन मिला। उन्होंने जनता, भाजपा कार्यकर्ताओं और मीडिया का आभार जताते हुए कहा कि छात्रों के न्याय की लड़ाई सड़क से सदन तक जारी रहेगी।
प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह, प्रदेश प्रवक्ता अशोक बड़ाइक, अजय राय और प्रकाश सिंह सहित अन्य नेता मौजूद रहे।
Share.
Next Story
पाकुड़ के 10 बच्चों को बंधुआ मजदूरी से मिली आजादी, बंगाल में प्रशासन ने कराया सुरक्षित रेस्क्यू
Exit mobile version