रांची: विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर सरला बिरला विश्वविद्यालय परिसर स्थित जी.डी. बिरला ऑडिटोरियम में ‘जीवन में सतत और स्वस्थ शुरुआत के लिए प्रभावी स्तनपान एवं इसकी आवश्यकता’ विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महादेवी बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड क्लिनिकल टेक्नोलॉजी की ओर से किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में स्तनपान के महत्व, नवजात शिशु के स्वास्थ्य एवं पोषण तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में स्तनपान की भूमिका को लेकर जागरूकता बढ़ाना था। इसमें संस्थान के शिक्षक, विद्यार्थी, प्रशासनिक अधिकारी और अन्य अतिथि शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत बीएससी नर्सिंग चतुर्थ सेमेस्टर की छात्रा अंजलि कुमारी के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए विश्व स्तनपान सप्ताह के महत्व पर प्रकाश डाला। इसके बाद नर्सिंग विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
इशिका कुमारी, बीएससी नर्सिंग चतुर्थ सेमेस्टर ने विश्व स्तनपान सप्ताह का विस्तृत सारांश प्रस्तुत किया। उन्होंने स्तनपान के वैज्ञानिक, सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी महत्व को रेखांकित किया।
स्तनपान को बताया मातृ-शिशु स्वास्थ्य की आधारशिला
संस्थान की प्राचार्या डॉ. सुबानी बाड़ा ने अपने संबोधन में स्तनपान को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की आधारशिला बताया। उन्होंने कहा कि जन्म के बाद शुरुआती समय में मां का दूध बच्चे के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने नर्सिंग विद्यार्थियों को भविष्य के स्वास्थ्यकर्मी के रूप में माताओं को स्तनपान से जुड़ी सही जानकारी और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया।
संस्थान के प्रशासक आशुतोष द्विवेदी ने स्वास्थ्य और पोषण को लेकर जागरूकता मजबूत करने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज की शुरुआत स्वस्थ मां और स्वस्थ बच्चे से होती है और इसमें स्तनपान की महत्वपूर्ण भूमिका है।
वहीं डॉ. श्वेता सिन्हा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारी और स्वास्थ्य जागरूकता के महत्व पर चर्चा की। डीन प्रो. नीलिमा पाठक ने ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के व्यावहारिक ज्ञान और सामाजिक उत्तरदायित्व के विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
कार्यक्रम के अंत में श्रीमती निशा कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
इस अवसर पर सरला बिरला विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति श्री बिजय कुमार दलान, महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक, कुलपति प्रो. सी. जगनाथन और राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।
