Wednesday, September 9

राजधानी राँची के लालपुर थाना क्षेत्र से शनिवार को एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई, जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। पैंटालून, लालपुर के ठीक सामने एक मकान का निर्माण कार्य चल रहा था और उसी दौरान खुदाई के काम के बीच अचानक एक दीवार भरभराकर जमींदोज हो गई। दीवार का मलबा एक मजदूर के ऊपर आ गिरा और वह उसमें दब गया।

घटना की भनक लगते ही आसपास के लोग दौड़े और तुरंत मलबा हटाकर मजदूर को बाहर निकालने की कोशिश शुरू कर दी। कुछ ही देर में मौके पर भीड़ जमा हो गई और अफरा-तफरी मच गई। सूचना पाकर लालपुर थाने की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से मलबे में दबे मजदूर को बाहर तो निकाल लिया गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।

कौन था मृतक मजदूर? अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक मजदूर पश्चिम बंगाल के झालदा का रहने वाला बताया जा रहा है और वह बांग्ला भाषा बोलता था। वह निर्माणाधीन मकान में मजदूरी करने पहुंचा था और हादसे में उसकी जान चली गई। बताया जा रहा है कि निर्माण कार्य का ठेका भी झालदा के ही एक व्यक्ति के पास था, जो हादसे के तुरंत बाद मौके से फरार हो गया।

मुआवजे की मांग पर अड़े लोग, शव उठाने से इनकार मजदूर की मौत के बाद स्थानीय लोगों में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। लोगों की मांग है कि निर्माण कार्य से जुड़े लोग मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दें। इसी मांग पर अड़े लोगों ने शव उठाने देने से इनकार कर दिया और घटनास्थल पर डटे रहे। मौके पर हंगामे जैसी स्थिति बन गई, जिसे नियंत्रित करने और लोगों को समझाने में पुलिस जुटी रही।

जांच में जुटी पुलिस लालपुर थाना पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं, और आखिर किन हालात में दीवार अचानक गिरी। इसके साथ ही फरार ठेकेदार की तलाश भी तेज कर दी गई है, और निर्माण कार्य से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Share.
Next Story
एक जमीनी कार्यकर्ता से मंत्री तक का सफर… फिर अचानक थम गई जिंदगी, सुदिव्य सोनू के निधन से झारखंड की सियासत में शोक
Exit mobile version