जमशेदपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में बुधवार की आधी रात फास्ट फूड ठेले पर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आदित्यपुर थाना क्षेत्र के जियाडा सर्विस लेन में रात करीब 12:30 बजे हुई मारपीट में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक घायल हो गए। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मृतक की पहचान जमशेदपुर के मानगो निवासी शेखर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, जियाडा सर्विस लेन स्थित एक फास्ट फूड ठेले पर कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान कई युवक घायल हो गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने शेखर को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीन अन्य युवकों का इलाज जारी है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। फिलहाल विवाद की असली वजह और झड़प में शामिल लोगों को लेकर जांच की जा रही है।
इसे भी पढ़े – शहीदों की याद में झुके सिर, साहिबगंज पुलिस लाइन में SP अमित कुमार सिंह ने अर्पित किए श्रद्धासुमन
