22 नवंबर को रातू रोड से शुरू होगी चौथी साई पदयात्रा, 6 जनवरी 2027 को शिरडी पहुंचेंगे श्रद्धालु; 7 जनवरी को निकलेगी बाबा की पालकी शोभायात्रा और होगा भव्य भंडारा

रांची: राजधानी रांची से साई बाबा के भक्तों की आस्था और समर्पण का अनूठा सफर शुरू होने जा रहा है। ओम श्री साई सेवा मंडल के तत्वावधान में 22 नवंबर को भव्य साई रथ के साथ रांची से शिरडी धाम तक पदयात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा में 11 से अधिक साई भक्त करीब 2100 किलोमीटर की दूरी पैदल तय करेंगे। लगभग 45 दिनों तक चलने वाली यह पदयात्रा 6 जनवरी 2027 को महाराष्ट्र के शिरडी धाम पहुंचेगी।
इस बार की यात्रा का सबसे बड़ा आकर्षण 500 किलोग्राम से अधिक पीतल से तैयार किया गया विशेष साई रथ होगा। रथ पर साई बाबा की विशाल प्रतिमा विराजमान रहेगी। श्रद्धालु रास्ते में इस रथ के दर्शन भी कर सकेंगे। आयोजकों के मुताबिक, रांची से शिरडी के लिए निकाली जा रही यह चौथी पदयात्रा है।
500 किलो पीतल से तैयार हुआ विशेष साई रथ
इस बार यात्रा को खास बनाने के लिए उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में आकर्षक साई रथ तैयार कराया गया है। इसके निर्माण में 500 किलोग्राम से अधिक पीतल का इस्तेमाल किया गया है। रथ के गुंबद और बाहरी सजावट को निर्माणाधीन साई मंदिर की वास्तुकला की तर्ज पर तैयार किया गया है।
विशेष रूप से तैयार की गई स्कॉर्पियो गाड़ी को साई रथ का स्वरूप दिया गया है। इस पर साई बाबा की विशाल और आकर्षक प्रतिमा स्थापित की जाएगी। रथ को सजाने में बारीक कारीगरी का ध्यान रखा गया है, जिससे यह पदयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनेगा।
प्रतिदिन 40 किलोमीटर पैदल चलेंगे साई भक्त
साई मनीष अग्रवाल के नेतृत्व में 11 से अधिक भक्त इस पदयात्रा में शामिल होंगे। यात्रा के दौरान सभी श्रद्धालु प्रतिदिन औसतन 40 किलोमीटर की दूरी पैदल तय करेंगे। करीब 2100 किलोमीटर का सफर पूरा करने के बाद 6 जनवरी 2027 को शिरडी पहुंचकर यात्रा का समापन होगा।
मंडल के सचिव मनोज कुमार और मीडिया प्रभारी आलोक अग्रवाल ने बताया कि वर्ष 2022 में पहली बार रांची से साई बाबा की पालकी लेकर शिरडी के लिए पदयात्रा शुरू की गई थी। भक्तों की श्रद्धा और उत्साह के कारण यह सिलसिला लगातार जारी है। इस वर्ष चौथी बार भव्य रथ के साथ यात्रा निकाली जा रही है।
कई राज्यों से होकर गुजरेगी यात्रा
रांची से शुरू होने वाली यह पदयात्रा रास्ते में कई राज्यों और जिलों से होकर गुजरेगी। यात्रा के दौरान अलग-अलग स्थानों पर रात्रि विश्राम की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही भजन-कीर्तन और साई संकीर्तन के कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
पदयात्रियों के पहुंचने पर विभिन्न क्षेत्रों के साई भक्त और स्थानीय श्रद्धालु उनका स्वागत करेंगे। आयोजकों का कहना है कि इस यात्रा का उद्देश्य केवल शिरडी पहुंचना नहीं, बल्कि रास्ते में बाबा के संदेश श्रद्धा, सबुरी और सेवा भाव को लोगों तक पहुंचाना भी है।
शिरडी में निकलेगी भव्य पालकी शोभायात्रा
इस धार्मिक आयोजन का समापन भी विशेष रूप से किया जाएगा। मंडल की योजना के अनुसार, 4 जनवरी 2027 को रांची से 200 से अधिक साई भक्त शिरडी पहुंचेंगे। इसके बाद 7 जनवरी को शिरडी धाम में साई बाबा की भव्य पालकी शोभायात्रा निकाली जाएगी।
इस अवसर पर भजन संध्या का आयोजन होगा। साथ ही सैकड़ों श्रद्धालुओं के लिए भव्य भंडारे की व्यवस्था भी की जाएगी। इसमें बड़ी संख्या में साई भक्तों के शामिल होने की उम्मीद है।
2012 से धार्मिक और सामाजिक सेवा में जुटा है मंडल
ओम श्री साई सेवा मंडल की स्थापना वर्ष 2012 में हुई थी। स्थापना के बाद से ही मंडल धार्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक सेवा के कार्यों में भी सक्रिय है। संस्था की ओर से प्रत्येक महीने के अंतिम रविवार को महावीर चौक पर भंडारे का आयोजन किया जाता है। इसमें सैकड़ों जरूरतमंदों और श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी एवं खीर का वितरण किया जाता है।
मंडल के अध्यक्ष साई मनीष अग्रवाल और सचिव मनोज कुमार ने रांची के सभी धर्मप्रेमियों और साई भक्तों से 22 नवंबर को यात्रा के शुभारंभ में शामिल होने की अपील की है।
इस पदयात्रा में साई मनीष अग्रवाल, आलोक पांडेय, संतोष अग्रवाल, सुबोध कुमार, जितेंद्र सिंह, विजेंद्र ठाकुर, सूरज अग्रवाल और मोहित अग्रवाल सहित कई श्रद्धालु शामिल रहेंगे। आयोजन की तैयारियों में उपाध्यक्ष राम किशोर कुँवर, कोषाध्यक्ष विकास कुमार, मनोरंजन शर्मा, दिलीप अग्रवाल और दुर्गेश कुमार समेत मंडल के अन्य सदस्य जुटे हुए हैं।


