पलामू: सड़क पर मॉडिफाइड गाड़ियों के जरिए रौब दिखाना और शीशों पर ब्लैक फिल्म लगाकर चलना वाहन मालिकों को भारी पड़ गया। पलामू पुलिस ने शुक्रवार देर रात मेदिनीनगर और चैनपुर इलाके में अभियान चलाकर 20 गाड़ियों को जब्त किया। पुलिस ने सभी वाहनों के शीशों पर लगी ब्लैक फिल्म हटाई और वाहन मालिकों को नियमों का पालन करने की चेतावनी देकर छोड़ दिया।
पुलिस के मुताबिक, ये कार्रवाई सड़क पर अड्डेबाजी और रौब दिखाने वाले लोगों के खिलाफ शुरू किए गए अभियान के तहत की गई। अभियान मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र और चैनपुर थाना क्षेत्र में चलाया गया।
20 गाड़ियां पुलिस ने थाने पहुंचाईं
अभियान के दौरान अलग-अलग नामी कंपनियों की 20 गाड़ियों को पुलिस ने पकड़ा और थाने लाया। जांच में इन सभी वाहनों के शीशों पर ब्लैक फिल्म लगी मिली। इसके अलावा कुछ वाहनों को रौब दिखाने के लिए मॉडिफाइड किए जाने की बात भी सामने आई।
पुलिस ने मौके पर सभी गाड़ियों से ब्लैक फिल्म हटाई। साथ ही वाहन मालिकों को गाड़ियों में किए गए मॉडिफिकेशन को हटाने का निर्देश दिया गया।
देर रात वाहन मालिकों को दी गई चेतावनी
कार्रवाई के बाद पुलिस ने सभी वाहन मालिकों को नियमों की जानकारी दी और भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं करने की चेतावनी दी। इसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया।
पलामू पुलिस ने साफ किया है कि ब्लैक फिल्म लगाकर वाहन चलाने और वाहनों को नियमों के विपरीत मॉडिफाइड कराने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
SP के निर्देश पर चला अभियान
यह अभियान पलामू SP कपिल चौधरी के निर्देश पर चलाया गया। अभियान का नेतृत्व सदर एसडीपीओ राजेश यादव ने किया। कार्रवाई में मेदिनीनगर टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार, चैनपुर थाना प्रभारी लाल जी समेत कई पुलिस अधिकारी शामिल रहे।
मॉडिफाइड नंबर प्लेट, साइलेंसर और ब्लैक फिल्म पर पुलिस सख्त
पलामू एसपी कपिल चौधरी ने कहा कि पुलिस की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है और लोगों से नियमों का पालन करने की अपील भी की जा रही है। उन्होंने कहा कि मॉडिफाइड नंबर प्लेट, मॉडिफाइड साइलेंसर और काली फिल्म ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन है।
एसपी ने बताया कि फिलहाल वाहन मालिकों को चेतावनी देकर छोड़ा जा रहा है, लेकिन नियमों का उल्लंघन जारी रहने पर आगे सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़े – INDW vs BANW: भारत-बांग्लादेश सेमीफाइनल पर बारिश का साया, मैच रद्द हुआ तो किसे मिलेगा फाइनल का गोल्ड मेडल?
