रांची। ट्रेनों के जरिए अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की ओर से चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन ‘सतर्क’ के तहत रांची रेलवे स्टेशन पर बड़ी बरामदगी हुई है। RPF की संयुक्त टीम ने ट्रेन के जनरल कोच में जांच के दौरान एक लावारिस बैग से 52 बोतल शराब बरामद की। इसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 18,400 रुपये बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, 23 नवंबर की रात करीब 10:15 बजे RPF फ्लाइंग टीम रांची और RPF पोस्ट रांची की संयुक्त टीम ट्रेन संख्या 18622 एक्सप्रेस की जांच कर रही थी। इसी दौरान जनरल कोच में बाथरूम के पास एक काला बैग पड़ा मिला। टीम ने आसपास मौजूद यात्रियों से बैग के बारे में पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी उस पर अपना दावा नहीं किया। इसके बाद बैग की तलाशी ली गई, जिसमें अलग-अलग ब्रांड की शराब की बोतलें मिलीं।
बैग से ब्लेंडर्स प्राइड की 750 एमएल की 12 बोतलें और मैकडॉवेल्स डबल ओक बैरल की 180 एमएल की 40 बोतलें बरामद हुईं। इस तरह कुल 52 बोतलों में 16.200 लीटर शराब जब्त की गई। बरामद शराब और बैग को RPF फ्लाइंग टीम के एसआई रवि शेखर ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद कब्जे में ले लिया।
RPF के अनुसार, जब्त शराब को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए 24 नवंबर को रांची उत्पाद विभाग को सौंपा जाएगा। मंडल सुरक्षा आयुक्त रांची आशीष कुमार पाण्डेय के निर्देश पर रेलवे सुरक्षा बल ट्रेनों और रेलवे परिसरों में अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए लगातार जांच अभियान चला रहा है।
