सरायकेला। सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड में जंगली हाथियों का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार की रात एक बार फिर गजराज आबादी वाले इलाके में घुस आया और कुकड़ू बाजार में जमकर उत्पात मचाया। हाथी ने एक के बाद एक तीन दुकानों के दरवाजे तोड़ दिए और अंदर रखी चीनी, आटा, गुड़ समेत अन्य खाद्य सामग्री चट कर गया। इस घटना से दुकानदारों को आर्थिक नुकसान हुआ है, जबकि आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, हाथी ने लुबु कुमार और सर्वेश्वर कुमार की दुकानों के साथ अनिल रजक की पीडीएस दुकान को निशाना बनाया। दरवाजे तोड़कर दुकानों के अंदर घुसे हाथी ने खाद्य सामग्री खाई और सामान को बिखेर दिया। रात के समय बाजार में हाथी के पहुंचने से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
गौरतलब है कि कुकड़ू इलाके में हाथी के उत्पात की यह लगातार दूसरी रात है। इससे पहले हाथी ने परगामा में एक घर को क्षतिग्रस्त कर दिया था। अब बाजार की दुकानों में तोड़फोड़ से ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है। लगातार आबादी में हाथियों की आवाजाही से लोग दहशत में हैं।


