रांची। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ की शुरुआत के साथ ही राज्य में श्रद्धा और भक्ति का माहौल है। शुक्रवार को नहाय-खाय के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने राज्य के सभी छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। दोनों ने भगवान भास्कर और छठी मइया से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की कामना की।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को अपने आधिकारिक एक्स हैंडल के माध्यम से शुभकामना संदेश साझा किया। उन्होंने छठ महापर्व के प्रथम अनुष्ठान नहाय-खाय की बधाई देते हुए कामना की कि भगवान भास्कर और छठी मइया की कृपा सभी पर बनी रहे। यह पावन पर्व हर किसी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए। अपने संदेश के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी को जोहार भी कहा।
वहीं, गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने भी छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भी भगवान सूर्य और छठी मइया से सभी के जीवन में सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
गौरतलब है कि नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत हो गई है। इसके बाद शनिवार को खरना, रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य और सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ महापर्व का समापन होगा।


