चौपारण पुलिस ने रांची के तुपुदाना से गायब शराब लदे ट्रक के चालक की हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने इस मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से भारी मात्रा में अवैध शराब, हथियार और वारदात में इस्तेमाल वाहन बरामद किए हैं।
हजारीबाग (बरही ) हजारीबाग जिले की चौपारण पुलिस को अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने महाराजगंज के समीप वाहन जांच अभियान के दौरान दो शातिर अपराधियों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान चतरा जिले के ईटखोरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परसौनी निवासी रणविजय सिंह (34 वर्ष, पिता- सतराजीत सिंह) और चौपारण थाना क्षेत्र के ग्राम दैहर निवासी विशाल कुमार सिंह (27 वर्ष, पिता- स्व. गोपाल सिंह) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है।
गुप्त सूचना के आधार पर हुई घेराबंदी
चौपारण थाना परिसर में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बरही डीएसपी राधा प्रेम किशोर ने पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 11 नवंबर को हजारीबाग पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि रांची के तुपुदाना से गायब शराब लदे ट्रक के चालक की हत्या में शामिल अपराधी चौपारण-ईटखोरी मुख्य मार्ग पर महाराजगंज के पास देखे गए हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए चौपारण पुलिस और तुपुदाना पुलिस की एक संयुक्त छापामारी टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन जांच अभियान चलाया और वैगनआर कार से आ रहे दोनों अपराधियों को धर दबोचा।
हत्या कर कुएं में फेंका था चालक का शव
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। उन्होंने बताया कि अपने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर उन्होंने ट्रक चालक की हत्या की थी। साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से अपराधियों ने शव को कंबल, तार और पत्थर से बांधकर चौपारण थाना क्षेत्र के ग्राम दैहर पकरिया स्थित एक कुएं में डाल दिया था।
हथियार, 726 पेटी शराब और तीन वाहन जब्त
गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर पुलिस ने चौपारण थाना कांड संख्या 285/26 और धुर्वा थाना (तुपुदाना ओपी) कांड संख्या 286/26 के तहत गायब हुई शराब को विभिन्न स्थानों से बरामद कर लिया है। पुलिस द्वारा जब्त किए गए सामानों का विवरण इस प्रकार है: मैकडॉवेल्स और रॉयल चैलेंज ब्रांड की कुल 726 पेटी शराब। एक देसी पिस्टल, एक देशी कट्टा और 20 जिंदा कारतूस। वारदात में प्रयुक्त एक वैगनआर कार, शराब ढोने में इस्तेमाल एक फॉरच्यूनर, एक पिकअप वैन और दो मोबाइल फोन।
बरही डीएसपी ने बताया कि इस गिरोह में शामिल अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापामारी कर रही है। इस सफल अभियान में बरही डीएसपी राधा प्रेम किशोर, चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार, एसआई दिव्य प्रकाश, कृष्ण कुमार गुप्ता, सुरेन्द्र कुमार, संतोष कुमार, हेमराज कुमार, एएसआई बादल कुमार महतो सहित कई पुलिसकर्मी शामिल थे।


