चतरा। चतरा जिले में अवैध अफीम की खेती के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है। इसी अभियान के तहत लावालौंग थाना क्षेत्र के साम्भे स्थित पिपराडीह टोला में वन भूमि पर पोस्ता की बुआई कर रहे दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मौके से पुलिस ने 500 ग्राम पोस्ता का बीज भी बरामद किया है।


गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पिपराडीह टोला निवासी उमेश गंझु उर्फ महेन्द्र गंझु और केश्वर गंझु के रूप में हुई है। मामले की जानकारी देते हुए एसपी अनिमेष नैथानी ने समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पिपराडीह में वन भूमि की कटाई कर अवैध रूप से पोस्ता की खेती की जा रही है।
सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए सिमरिया के प्रभारी एसडीपीओ सन्नी वर्धन के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई। इसमें लावालौंग थाना प्रभारी चंदन सिंह और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। टीम ने बुचुआ नाला के किनारे छापेमारी की, जहां करीब 10 डिसमिल वन भूमि की जुताई कर पोस्ता की बुआई कराई जा रही थी। पुलिस ने मौके से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी ने स्पष्ट किया कि जिले में अफीम की अवैध खेती किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वन भूमि पर अतिक्रमण कर नशे के कारोबार में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में लावालौंग थाना में एनडीपीएस एक्ट और वन अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।



