रांची। बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ कमजोर पड़ने के बाद भी झारखंड के मौसम को प्रभावित कर रहा है. इसके असर से राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में बारिश और ठंड का सिलसिला जारी है. शुक्रवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाये रहे. कई इलाकों में रुक-रुककर बूंदाबांदी हुई. बारिश और ठंडी हवाओं के कारण लोगों को कनकनी महसूस हुई. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, शनिवार को भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है. वहीं, उत्तर-पूर्वी झारखंड के आठ जिलों में भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गयी है.
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को गिरिडीह, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. इन जिलों में मौसम का मिजाज बदला रहेगा. राज्य के अन्य हिस्सों में भी आसमान में बादल छाये रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. संताल परगना के जिलों में भी चक्रवात का प्रभाव देखने को मिल सकता है.
रांची में 23 डिग्री रहेगा अधिकतम तापमान
राजधानी रांची में शनिवार को आसमान में सामान्यत: बादल छाये रहेंगे. कुछ स्थानों पर बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. मौसम विभाग के अनुसार, रांची का अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. बारिश के कारण दिन के तापमान में गिरावट और सुबह-शाम ठंड का एहसास बढ़ सकता है.
23 नवंबर से साफ होने लगेगा आसमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 22 नवंबर को भी राज्य के कुछ हिस्सों में बादल छाये रहने और हल्की बारिश होने की संभावना है. हालांकि, इस दिन भारी बारिश को लेकर कोई चेतावनी नहीं है. 23 नवंबर से मौसम में सुधार होने और आसमान साफ होने के आसार हैं. इसके बाद बारिश की गतिविधियों में कमी आयेगी. वहीं, 24 और 25 नवंबर की सुबह रांची समेत राज्य के कई इलाकों में हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है. मौसम विभाग ने गरज-चमक और वज्रपात के दौरान लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. ऐसी स्थिति में खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने को कहा गया है.


