धनबाद। धनबाद के बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार से मोबाइल पर हुई बातचीत में अभद्र भाषा का प्रयोग करने के मामले में झारखंड पुलिस एसोसिएशन और डुमरी विधायक जयराम महतो के बीच विवाद लगातार गहराता जा रहा है। इस मुद्दे को लेकर झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया, जिसमें प्रांतीय अध्यक्ष राहुल कुमार मुरमू, प्रदेश उपाध्यक्ष रोहित कुमार रजक और महामंत्री संजीव कुमार समेत कई पदाधिकारी शामिल हुए।
पांच दिनों में गिरफ्तारी की मांग
एसोसिएशन ने डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो और अन्य आरोपियों की पांच दिनों के भीतर गिरफ्तारी की मांग की है। मांग पूरी न होने पर राज्यभर में आंदोलन छेड़ने की चेतावनी भी दी गई है। एसोसिएशन का कहना है कि पुलिस पदाधिकारी के साथ हुई कथित घटना से धनबाद सहित पूरे राज्य के पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों में गहरा आक्रोश है।
काला बिल्ला लगाकर विरोध, आंदोलन का प्रस्ताव
धनबाद शाखा ने विरोध स्वरूप काला बिल्ला लगाने का फैसला किया है और मांग पूरी न होने की स्थिति में अनिश्चितकालीन आंदोलन का प्रस्ताव महासंघ के समक्ष रखा है। एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि विधायक जयराम महतो द्वारा सोशल मीडिया और प्रेस के माध्यम से लगातार पुलिसकर्मियों के प्रति अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिसे उन्होंने पुलिसकर्मियों के सम्मान और गरिमा के खिलाफ बताया।
कानूनी कार्रवाई की मांग, आंदोलन की चेतावनी
एसोसिएशन ने बरवाअड्डा थाना कांड संख्या 146/26 में विधायक जयराम कुमार महतो समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए सभी कानूनी प्रक्रियाएं तत्काल पूरी करने की मांग की है। पत्र में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित अवधि में कार्रवाई नहीं होती, तो झारखंड पुलिस एसोसिएशन राज्य की सभी शाखाओं के पदाधिकारियों और सदस्यों की भावनाओं के अनुरूप पुलिसकर्मियों से जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर आंदोलन का रास्ता अपनाएगी।
इसे भी पढ़े – BJP विधायक पर हत्या का केस..जानिए क्या है पूरा मामला


