रांची के बिरसा चौक से जमीन विवाद से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में एक व्यक्ति हाथ में तलवार लेकर एक लड़की को गाली-गलौज और धमकी देता नजर आ रहा है। वह लड़की के परिवार को भी धमकाता दिख रहा है। पीड़ित पक्ष का दावा है कि घटना के दौरान भाई-बहन को डराया गया, लेकिन मदद के लिए कोई आगे नहीं आया।
10 साल पुरानी जमीन को लेकर विवाद
पीड़ित युवती ने वीडियो में बताया कि विवाद करीब 10 साल पहले खरीदी गई जमीन को लेकर है। उसके मुताबिक जमीन खरीदते समय संबंधित व्यक्ति के नाम पर भुगतान किया गया था, फिर भी अब उन्हें जमीन को लेकर लगातार परेशान किया जा रहा है। युवती का कहना है कि पिता के जीवित रहने तक भाई-बहन को ऐसी परेशानी नहीं झेलनी पड़ी।
पिता के निधन के बाद फिर बढ़ा विवाद
युवती के अनुसार उनके पिता का करीब डेढ़ साल पहले निधन हो गया। इसके बाद जमीन को लेकर विवाद फिर बढ़ गया। उसका आरोप है कि तब से उसे और उसके भाई को लगातार परेशान किया जा रहा है। इसी क्रम में तलवार लेकर धमकाने और गाली-गलौज की घटना हुई।
दस्तावेजों पर उठाए सवाल
युवती ने जमीन के दस्तावेज और वहां हुए निर्माण को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उसका कहना है कि अगर जमीन उनके परिवार की नहीं है, तो उससे जुड़ा एग्रीमेंट, बोरिंग और बिजली कनेक्शन उनके नाम पर कैसे हैं। जमीन पर एक कमरा भी बना हुआ है।
पुलिस पर शिकायत न सुनने का आरोप
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि वे शिकायत लेकर पुलिस के पास जाते हैं, लेकिन उसे गंभीरता से नहीं लिया जाता। युवती के अनुसार पुलिस की ओर से कहा गया कि सामने वाला व्यक्ति बुजुर्ग है और जब तक किसी को चोट नहीं लगी है, आपस में बात कर मामला सुलझा लें। पीड़ित पक्ष ने संबंधित पुलिसकर्मी का नाम दिग्विजय सिंह बताया है।
इस मामले ने एक बड़ा सवाल खड़ा किया है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि तलवार लेकर धमकाने जैसी घटना के बाद भी उसकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया। अगर आम लोगों को अपनी बात सुनवाने के लिए वीडियो वायरल करना पड़े, तो सवाल उठता है कि वे अपने मुद्दों को लेकर किसके पास जाएं। फिलहाल पुलिस का पक्ष सामने नहीं आया है।
इसे भी पढ़े – DUSU चुनाव 2026: ABVP ने तीन पदों पर मारी बाजी, उपाध्यक्ष पद निर्दलीय दीपांशु शोकीन के नाम



