बोकारो: पर्व-त्योहार से पहले शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर बोकारो पुलिस ने सार्वजनिक जगहों पर शराबखोरी और अड्डेबाजी के खिलाफ अभियान शुरू किया है। एसपी के निर्देश पर सिटी डीएसपी राजीव रंजन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मंगलवार को सिटी एरिया के कई इलाकों में अचानक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते और अड्डेबाजी करते 25 लोगों को डिटेन किया गया।
पुलिस की टीम ने सेक्टर-1, नया मोड़, को-ऑपरेटिव मोड़ और सेक्टर थाना क्षेत्र समेत कई संवेदनशील जगहों को चिह्नित कर जांच की। अचानक पुलिस के पहुंचने से वहां बैठे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की और शराबखोरी व अड्डेबाजी में शामिल 25 लोगों को डिटेन कर लिया।
पर्व के दौरान व्यवस्था बनाए रखने पर जोर
पर्व-त्योहार के दौरान बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में पुलिस का यह अभियान सार्वजनिक जगहों पर शराब पीने और देर तक जमघट लगाने की गतिविधियों पर नजर रखने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी या अड्डेबाजी की वजह से आम लोगों को परेशानी न हो और किसी तरह की अप्रिय स्थिति पैदा न हो, इसे लेकर संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाई गई है।
बोकारो पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और अड्डेबाजी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पर्व के दौरान शहर में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे इलाकों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
इसे भी पढ़े – आरक्षण और जनगणना में कॉलम की मांग को लेकर गुमला समेत 5 जिलों में बंद का आह्वान


