24 किलो सोना और 42 लाख कैश ढूंढने के लिए अब पुलिस और खर्च करेगी 10 लाख
जमशेदपुर: केनरा बैंक डकैती कांड में 24 किलो सोना और 42 लाख रुपये नकद लूटने वाले पांच अपराधी 15 दिन से ज्यादा समय बीतने के बाद भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। करोड़ों की इस डकैती के बाद पुलिस की जांच, फॉरेंसिक टीम की पड़ताल और स्पेशल ब्रांच की कोशिशों के बावजूद अब तक अपराधियों का पता नहीं चल पाया है। अब पुलिस ने पांचों संदिग्धों का वीडियो जारी कर उनकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना के लिए कुल 10 लाख रुपये का इनाम घोषित किया है।
हर अपराधी की गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने वाले को दो लाख रुपये दिए जाएंगे। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वीडियो में दिख रहे संदिग्धों के बारे में कोई जानकारी मिले, तो तत्काल सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने की बात भी कही गई है।
इसे भी पढ़े – 24 मिनट में 37 करोड़ की डकैती! 23 किलो सोना और 47 लाख कैश लेकर भागे बदमाश, पूरे जमशेदपुर की सीमाएं सील
15 दिन बीते, न अपराधी मिले, न लूटे गए सोने-नकदी का सुराग
गोलमुरी थाना क्षेत्र में हुई इस डकैती के बाद से पुलिस कई राज्यों में छापेमारी कर रही है। लेकिन अब तक न पांचों संदिग्ध गिरफ्तार हुए हैं और न ही लूटे गए सोने और नकदी की बरामदगी हो सकी है। ऐसे में इनाम की घोषणा जांच में आम लोगों की मदद लेने की एक नई कोशिश या पुलिस की नाकामी यह कहना मुश्किल है।
इसे भी पढ़े – गोलमुरी केनरा बैंक डकैती के बाद पुलिस का बड़ा एक्शन, 20 अफसरों की SIT ने संभाली जांच
पुलिस महकमे में एक कहावत है – जैसे-जैसे वक्त गुजरता है, रिकवरी घटती जाती है…
केनरा बैंक डकैती कांड में झारखंड पुलिस की अब तक की कार्रवाई इसी कहावत को चरितार्थ करती दिख रही है। 15 दिन से ज्यादा बीत गए, 24 किलो सोना और 42 लाख रुपये नकद लूटकर अपराधी फरार हैं, लेकिन पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं। कई राज्यों में छापेमारी, जांच की कई टीमें और तमाम कोशिशें भी अपराधियों तक नहीं पहुंच सकीं। अब पांचों पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित कर आम लोगों से सुराग मांगा जा रहा है। करोड़ों की डकैती के बाद भी अगर पुलिस को अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए इनाम का सहारा लेना पड़े, तो यह उसकी जांच और अपराधियों पर पकड़ – दोनों पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे है। वक्त बीत रहा है, अपराधी बाहर हैं और लूटे गए सोने-नकदी की बरामदगी अब भी दूर है।
इसे भी पढ़े – केनरा बैंक डकैती के 9 दिन बाद भी खाली हाथ पुलिस, पांच संदिग्धों की तस्वीर जारी…हर एक पर ₹2 लाख इनाम


