झारखंड में चर्चित शराब प्रकरण की जांच कर रही भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन महत्वपूर्ण व्यक्तियों को दोबारा समन जारी किया है. एसीबी ने इन सभी को 6 अगस्त 2026 को मुख्यालय में उपस्थित होकर अनुसंधान में सहयोग करने के निर्देश दिए हैं. ब्यूरो द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, साक्ष्यों, दस्तावेजों और बयानों के सत्यापन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए यह कदम उठाया गया है.
इन तीन प्रमुख व्यक्तियों को जारी हुआ नोटिस:
अरुण पति त्रिपाठी: छत्तीसगढ़ राज्य विपणन निगम लिमिटेड (CSMCL) के पूर्व प्रबंध निदेशक और आबकारी विभाग के पूर्व विशेष सचिव रहे अरुण पति त्रिपाठी से दोबारा पूछताछ की जाएगी. एसीबी के अनुसार, सामने आए नए दस्तावेजों और साक्ष्यों के आधार पर उनका विस्तृत बयान दर्ज किया जाएगा.
अरुण कुमार सिंह: Nexgen Solution Pvt. Ltd. के सीईओ अरुण कुमार सिंह को फिर से तलब किया गया है. उनसे कंपनी की भूमिका, संबंधित अनुबंधों, वित्तीय लेन-देन और कारोबारी संपर्कों के विषय में उपलब्ध साक्ष्यों का मिलान किया जाएगा.
श्यामजी शरण: पूर्व में दिए गए नोटिस पर उपस्थित न होने के कारण श्यामजी शरण को फिर से 6 अगस्त को हाजिर होने का निर्देश दिया गया है.
साक्ष्यों और आंकड़ों का होगा मिलान
एसीबी अधिकारियों का कहना है कि 6 अगस्त को होने वाली यह पूछताछ महज बयान दर्ज करने तक सीमित नहीं होगी। इसका मुख्य उद्देश्य वित्तीय लेन-देन, डिजिटल सामग्री और दस्तावेजी साक्ष्यों का आपस में मिलान करके घटनाक्रम की वास्तविक कड़ी को जोड़ना है.
जांच टीम इस मामले के हर पहलू का अत्यंत सावधानीपूर्वक परीक्षण कर रही है. एसीबी का कहना है कि पूरी जांच निष्पक्ष, स्वतंत्र और पूरी तरह से साक्ष्यों पर आधारित रखी जा रही है.
