Saturday, November 21

रांची: दुनिया भर में इबोला वायरस के बढ़ते खतरे के बीच केंद्र सरकार अलर्ट मोड में आ गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने झारखंड सरकार को पत्र लिखकर इस जानलेवा संक्रमण को लेकर सतर्क रहने और किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य व्यवस्था को तैयार रखने का निर्देश दिया है। मंत्रालय ने राज्य के स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों में जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, संदिग्ध मरीजों की पहचान करने और संक्रमण की रोकथाम के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने को कहा है।

स्वास्थ्य मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त सचिव हर्ष मंगला ने झारखंड के स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह को इस संबंध में पत्र भेजा है। पत्र में कहा गया है कि वैश्विक स्तर पर इबोला के बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य अपनी मौजूदा तैयारियों की तत्काल समीक्षा करे। साथ ही सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखा जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

अस्पतालों में पीपीई किट से लेकर आइसोलेशन वार्ड तक की तैयारी का निर्देश

केंद्र सरकार ने झारखंड के अस्पतालों में इबोला से निपटने के लिए जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा है। इसमें विशेष रूप से पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट (PPE Kit) का पर्याप्त स्टॉक रखने का निर्देश दिया गया है।

इसके अलावा राज्य के चिन्हित रेफरल अस्पतालों में संदिग्ध और संक्रमित मरीजों के इलाज के लिए आइसोलेशन की व्यवस्था तैयार रखने को कहा गया है। संदिग्ध मरीजों की तत्काल पहचान, उनकी जांच, सैंपल संग्रह और सुरक्षित तरीके से प्रयोगशाला तक भेजने की व्यवस्था भी दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया है। इबोला से निपटने की तैयारियों को जमीनी स्तर पर परखने के लिए झारखंड के रेफरल अस्पतालों में 12 नवंबर को ‘मॉक ड्रिल 2.0’ आयोजित की गई थी। केंद्र सरकार के निर्देश पर हुए इस अभ्यास की निगरानी के लिए भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) की ओर से एक पर्यवेक्षक (सुपरवाइज़र) भी तैनात किया गया था।

मॉक ड्रिल के जरिए अस्पतालों की परिचालन क्षमता और आपात स्थिति में मरीजों के प्रबंधन की तैयारियों का आकलन किया गया। अभ्यास के बाद तैयार विस्तृत रिपोर्ट राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (NCDC) के साथ साझा करने की व्यवस्था की गई, ताकि कमियों को दूर कर स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाया जा सके।

क्या है इबोला वायरस और कितना खतरनाक है?

इबोला एक खतरनाक वायरस है, जिससे इंसान गंभीर रूप से बीमार पड़ सकता है। यह वायरस एक गंभीर संक्रामक बीमारी पैदा करता है, जिसे इबोला वायरस डिजीज (EVD) कहा जाता है। यह बीमारी संक्रमित व्यक्ति के खून, लार, उल्टी, पसीने और शरीर के दूसरे तरल पदार्थों के सीधे संपर्क में आने से फैल सकती है। आसान भाषा में समझें तो अगर कोई व्यक्ति इबोला से संक्रमित है और दूसरा व्यक्ति उसके शरीर के तरल पदार्थों के संपर्क में आता है, तो उसे भी संक्रमण हो सकता है।

यह बीमारी गंभीर स्थिति में आंतरिक और बाहरी रक्तस्राव, अंगों के काम करना बंद करने और यहां तक कि मरीज की मौत का कारण बन सकती है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, इबोला संक्रमण में मृत्यु दर वायरस की प्रजाति और इलाज की उपलब्धता के आधार पर अलग-अलग होती है। कुछ प्रकोपों में यह लगभग 90 प्रतिशत तक दर्ज की गई है।

हालांकि, इबोला सामान्य सर्दी-जुकाम या हवा के जरिए आसानी से फैलने वाली बीमारी नहीं है। संक्रमित व्यक्ति में लक्षण विकसित होने के बाद उसके शरीर से निकले तरल पदार्थों के मसलन खून, लार, उल्टी, पसीने के संपर्क से संक्रमण फैलने का खतरा होता है।

इबोला वायरस के प्रमुख लक्षण क्या हैं?

इबोला वायरस से संक्रमित होने के बाद सामान्य तौर पर 2 से 21 दिनों के भीतर लक्षण दिखाई दे सकते हैं। शुरुआत में इसके लक्षण सामान्य वायरल बुखार जैसे हो सकते हैं।

प्रमुख लक्षण इस प्रकार हैं:
– अचानक तेज बुखार आना।
– अत्यधिक कमजोरी और थकान महसूस होना।
– सिरदर्द और मांसपेशियों में दर्द।
– गले में खराश।
– उल्टी और दस्त होना।
– पेट में तेज दर्द।
– शरीर पर चकत्ते पड़ना।
– गंभीर मामलों में नाक, मसूड़ों या शरीर के अन्य हिस्सों से रक्तस्राव होना।
– लिवर और किडनी जैसे अंगों का प्रभावित होना।

ध्यान देने वाली बात ये है कि हर संक्रमित व्यक्ति में रक्तस्राव होना जरूरी नहीं है। शुरुआती लक्षण दूसरे संक्रमणों से मिलते-जुलते हो सकते हैं, इसलिए केवल लक्षणों के आधार पर इबोला की पुष्टि नहीं की जा सकती।

इबोला वायरस से बचाव के लिए क्या करें?

इबोला से बचाव के लिए संक्रमण के संभावित स्रोतों से दूरी बनाए रखना और सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।
1. संक्रमित व्यक्ति से दूरी:  संदिग्ध या संक्रमित व्यक्ति के रक्त और शरीर के तरल पदार्थों के सीधे संपर्क में आने से बचें।
2. हाथों की सफाई:  साबुन और पानी से नियमित रूप से हाथ धोएं या अल्कोहल आधारित हैंड सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें।
3. सुरक्षा उपकरण:  मरीजों की देखभाल करने वाले स्वास्थ्यकर्मी उचित PPE किट का इस्तेमाल करें।
4. मृत शरीर से दूरी:  संक्रमित व्यक्ति के शव को छूने या अंतिम संस्कार के दौरान सीधे संपर्क में आने से बचें।
5. जंगली जानवरों से सावधानी:  संक्रमित या मृत जंगली जानवरों, विशेषकर चमगादड़ों और प्राइमेट्स के रक्त व शरीर के तरल पदार्थों के संपर्क में न आएं।
6. लक्षण दिखने पर सूचना दें:  यदि किसी व्यक्ति की इबोला प्रभावित क्षेत्र की यात्रा या संक्रमित व्यक्ति से संपर्क का इतिहास है और उसमें लक्षण दिखाई देते हैं, तो तुरंत स्वास्थ्य विभाग से संपर्क करें।

क्या इबोला का इलाज संभव है?

इबोला का इलाज संभव है, लेकिन इसके लिए समय पर पहचान और विशेषज्ञ चिकित्सा देखभाल बेहद जरूरी है। मरीज को अस्पताल में आइसोलेशन में रखकर उसकी स्थिति के अनुसार उपचार दिया जाता है। इसमें शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट की कमी को पूरा करना, ऑक्सीजन और ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखना तथा अन्य जटिलताओं का इलाज शामिल है। इबोला वायरस की कुछ प्रजातियों के लिए विशेष एंटीबॉडी आधारित उपचार भी उपलब्ध हैं। इसके अलावा, इबोला वायरस के खिलाफ वैक्सीन भी उपलब्ध है।

फिलहाल झारखंड को केंद्र सरकार की ओर से भेजा गया अलर्ट स्वास्थ्य व्यवस्था को तैयार रखने और संभावित संक्रमण की रोकथाम के लिए एहतियाती कदम है। इसे राज्य में इबोला संक्रमण की पुष्टि के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए।

Share.
Next Story
झारखंड में लंबित छात्रवृत्ति पर आजसू छात्र संघ ने सरकार को सौंपा ज्ञापन
Exit mobile version