Wednesday, September 9

बोकारो: मतदाता सूची को अपडेट करने और अधिक से अधिक पात्र युवाओं को चुनावी प्रक्रिया से जोड़ने के लिए बोकारो जिला प्रशासन ने अभियान तेज करने का फैसला लिया है। बुधवार को उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी अजय नाथ झा ने वीडियो संवाद के माध्यम से SIR-2026 अभियान, नए मतदाताओं के पंजीकरण, अनमैप्ड मतदाताओं की सुनवाई और जनगणना कार्य की प्रगति की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होंने जिले के प्रत्येक मतदान केंद्र पर कम से कम 60 नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने का लक्ष्य तय किया।

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। इसके लिए खास तौर पर युवाओं के बीच जागरूकता अभियान चलाने और सोशल मीडिया पर #YuvaBokaro अभियान शुरू करने को कहा गया।

18 साल की उम्र पूरी कर चुके युवाओं को मतदाता सूची से जोड़ने पर जोर

उपायुक्त ने नए मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए फॉर्म-6 के इस्तेमाल को लेकर युवाओं को जागरूक करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी मतदान केंद्रों पर कम से कम 60 नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए अभियान चलाने को कहा।

सभी ERO और AERO को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करने तथा BLO-2 के माध्यम से नए मतदाताओं को जोड़ने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का निर्देश दिया गया।

युवाओं से अपील करते हुए कहा, कि “आप भारत के नागरिक हैं, चुनाव व्यवस्था से जुड़ें।” उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा कि उनके क्षेत्र में कोई भी पात्र नया मतदाता अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने से वंचित न रह जाए।

स्कूलों की प्रार्थना सभा में भी चलेगा मतदाता जागरूकता अभियान

मतदाता पंजीकरण को लेकर जागरूकता बढ़ाने के लिए अब स्कूलों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा। उपायुक्त ने जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षक को निर्देश दिया कि जिले के सभी विद्यालयों की प्रार्थना सभा के दौरान मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने का संदेश दिया जाए।

इसके साथ ही बच्चों को शपथ दिलाई जाएगी कि वे अपने परिवार के 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र के उन सदस्यों का फॉर्म-6 भरने में सहयोग करेंगे, जिनका नाम अभी मतदाता सूची में दर्ज नहीं है।

फॉर्म-6 से संबंधित ऑडियो-वीडियो संदेश तैयार कर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के साथ शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर बैनर और पोस्टर के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया जाएगा।

अनमैप्ड मतदाताओं की सुनवाई की भी समीक्षा

वीडियो संवाद के दौरान उपायुक्त ने अनमैप्ड मतदाताओं की सुनवाई से जुड़े कार्यों की भी जानकारी ली। उन्होंने सभी विधानसभा क्षेत्रों में अब तक हुई सुनवाई की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित मामलों पर तेजी से कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि पात्र मतदाताओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए और सुनवाई से जुड़े मामलों का समयबद्ध तरीके से निष्पादन किया जाए।

जनगणना का काम 5 सितंबर तक पूरा करने का निर्देश

समीक्षा के दौरान जिला जनगणना हस्तपुस्तिका तैयार करने के कार्य की भी जानकारी ली गई। उपायुक्त ने DCHB पोर्टल/मोबाइल ऐप के माध्यम से ग्राम निर्देशिका और नगर निर्देशिका में आंकड़े भरने का काम पूरा करने का निर्देश दिया।

भरे गए आंकड़ों का चार्ज पदाधिकारी के माध्यम से वैलिडेशन कार्य 5 सितंबर तक पूरा करने को कहा गया। पेटरवार और चंदनकियारी प्रखंडों को इस कार्य पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया।

9 सितंबर को प्रमंडलीय आयुक्त के दौरे की तैयारी

उपायुक्त ने आगामी 9 सितंबर को प्रमंडलीय आयुक्त के प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों को जरूरी तैयारियां पूरी करने और कार्यालय से जुड़े सभी अभिलेखों को अपडेट रखने का निर्देश दिया गया।

शिक्षक दिवस पर झारखंड आंदोलनकारियों को मिलेंगे प्रमाण-पत्र

आगामी 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर झारखंड आंदोलनकारियों के बीच प्रमाण-पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उपायुक्त ने इसकी तैयारियों की समीक्षा करते हुए कार्यक्रम को व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा।

अलग-अलग प्रखंडों के लिए काउंटर बनाने और वहां शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया गया, ताकि प्रमाण-पत्र लेने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।

जिलेभर में शिक्षकों का होगा सम्मान

शिक्षक दिवस के मौके पर जिले के सभी विद्यालयों, प्रखंड और जिला स्तर पर शिक्षक सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उपायुक्त ने प्रशासनिक अधिकारियों को भी इन कार्यक्रमों में शामिल होने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि शिक्षकों का सम्मान करना गौरव की बात है। शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे कार्यक्रमों में प्रशासनिक अधिकारियों की भागीदारी शिक्षकों के प्रति प्रशासन की कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर भी है।

समीक्षा बैठक में उप-विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु IAS अरविंद राधाकृष्णन, जिला उप-निर्वाचन पदाधिकारी प्रेमचंद सिन्हा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रवीण रंजन, जिला शिक्षा अधीक्षक अतुल कुमार चौबे, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, वरीय लेखा पदाधिकारी पंकज दूबे समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

इसे भी पढ़े – संथाल परगना में डिटेंशन सेंटर की मांग, बाबूलाल मरांडी ने गृह मंत्रालय को लिखा पत्र; घुसपैठियों की पहचान और निर्वासन की उठाई मांग

Share.

Sanjana Kumari is a media professional, content writer, and voiceover artist with experience since 2023. She has expertise in digital media, social media, news writing, editing, and content management. Currently, she works as an Input In-Charge at Jharkhand Digital, handling news inputs and digital content. She is proficient in writing and articulating articles and voiceovers in both Hindi and English.

Next Story
झारखंड ने JJM Summit में रखा जल संरक्षण और सिंचाई विस्तार का रोडमैप, 3 हजार करोड़ की परियोजनाओं के लिए केंद्र से मांगा सहयोग
Exit mobile version