Wednesday, October 14

रांची: झारखंड हाईकोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन के चुनाव परिणाम सामने आ गए हैं। चुनाव में इस बार कई महत्वपूर्ण पदों पर नए चेहरों ने जीत दर्ज की है। सबसे बड़ा उलटफेर अध्यक्ष पद के चुनाव में देखने को मिला, जहां पूर्व महाधिवक्ता अजीत कुमार ने निवर्तमान अध्यक्ष ऋतु कुमार को हराकर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया।

वहीं नवीन कुमार ने महासचिव पद पर 819 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। उपाध्यक्ष पद पर राहुल कुमार गुप्ता विजयी रहे, जबकि सहायक कोषाध्यक्ष के पद पर आकाशदीप ने जीत हासिल की है। लाइब्रेरी सचिव पद पर भोला नाथ ओझा ने बाजी मारी। कोषाध्यक्ष पद पर श्रेष्ठा मेहता ने जीत दर्ज की, जबकि प्रशासनिक सचिव के पद पर विकास कुमार विजयी रहे।

16 पदों के लिए 96 उम्मीदवार मैदान में

इस बार हाईकोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन के चुनाव में कुल 16 पदों के लिए करीब 96 उम्मीदवारों ने अपनी किस्मत आजमाई थी। चुनाव में लगभग 72 प्रतिशत अधिवक्ताओं ने मतदान किया। मतदान और मतगणना की प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।

अध्यक्ष पद के लिए वरिष्ठ अधिवक्ता अजीत कुमार, ऋतु कुमार, महेश तिवारी, मनोज टंडन और आरएसपी सिन्हा चुनाव मैदान में थे। वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए संजीव ठाकुर, राहुल गुप्ता, धीरज कुमार, प्राण प्रणय, नवीन कुमार सिंह, अमरेश कुमार और जयशंकर तिवारी के बीच मुकाबला था।

महासचिव पद पर नवीन कुमार, विनोद सिंह, अमित सिन्हा और संतोष सोनी ने चुनाव लड़ा।

निवर्तमान अध्यक्ष को नहीं बचा सकीं कुर्सी

इस चुनाव में सबसे ज्यादा चर्चा अध्यक्ष पद के नतीजे को लेकर रही। वर्तमान में ऋतु कुमार हाईकोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन की एडहॉक कमिटी की अध्यक्ष थीं। ऐसे में उनके सामने अपनी कुर्सी बरकरार रखने की चुनौती थी, लेकिन मतदाताओं ने इस बार बदलाव के पक्ष में फैसला सुनाया।

अधिवक्ताओं के बीच चुनाव के दौरान उनके मुद्दों, एसोसिएशन के कामकाज और पिछले वर्षों के प्रदर्शन को लेकर भी चर्चा रही। इन्हीं मुद्दों को ध्यान में रखते हुए अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

कुल मिलाकर, हाईकोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन का यह चुनाव कई मायनों में अहम रहा। खासकर अध्यक्ष पद पर हुए बदलाव ने चुनाव के नतीजों को खासा दिलचस्प बना दिया है। अब नई कमिटी के सामने अधिवक्ताओं से जुड़े मुद्दों पर काम करने और एसोसिएशन की जिम्मेदारियों को आगे बढ़ाने की चुनौती होगी।

इसे भी पढ़े – इमरान हाशमी को देखने के लिए उमड़ी भीड़, फैंस की दीवानगी के बीच आम लोग परेशान

Share.
Next Story
राष्ट्रीय खेल दिवस पर रांची जिला मलखंब चैंपियनशिप संपन्न, 60 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
Exit mobile version