बोकारो, 16 सितंबर: चंदनकियारी के क्षेत्र भ्रमण के दौरान बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा बुधवार को भोजुडीह स्थित प्रसिद्ध भैरव स्थान पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान भैरव, शिव और मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-शांति, समृद्धि और कल्याण की कामना की।
पूजा के बाद उपायुक्त ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया और वहां श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं के साथ-साथ विकास की संभावनाओं की जानकारी बीडीओ और सीओ से ली। उन्होंने कहा कि भैरव स्थान लोगों की आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थल है। ऐसे धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं को बेहतर और सुरक्षित सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से आवश्यक पहल की जाएगी।
मंदिर की घेराबंदी से लेकर सड़क तक होगा काम
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मंदिर परिसर में घेराबंदी और बैरिकेडिंग कराने के साथ मंदिर तक पहुंचने वाली अप्रोच रोड की स्थिति में सुधार को लेकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क कनेक्टिविटी बेहतर होने से श्रद्धालुओं और आम लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
उपायुक्त ने बताया कि भैरव स्थान की मौजूदा स्थिति और जरूरतों का तकनीकी आकलन करने के लिए तीन दिनों के भीतर अभियंताओं की टीम स्थल का निरीक्षण करेगी। इसके बाद जरूरी कार्यों का प्रस्ताव तैयार कर राज्य सरकार को भेजा जाएगा, ताकि स्थल का बेहतर तरीके से विकास किया जा सके।
इस दौरान उपायुक्त ने मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं और स्थानीय ग्रामीणों से भी बातचीत की और क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर फीडबैक लिया।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र भ्रमण का मकसद सिर्फ विकास योजनाओं और सरकारी कार्यों का निरीक्षण करना नहीं है, बल्कि आम लोगों से सीधे बातचीत कर जमीनी स्थिति की जानकारी लेना भी है।
मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रवीण रंजन, चंदनकियारी बीडीओ अजय वर्मा, सीओ रवि आनंद, एपीआरओ अविनाश कुमार, एसएओ पंकज दुबे समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़े – कॉपियां देखीं, सपने पूछे… चंदनकियारी स्कूल में बच्चों के बीच कुछ इस अंदाज में पहुंचे बोकारो DC
