झारखंड के बोकारो जिले के गोमिया थाना क्षेत्र की एक महिला को महाराष्ट्र एटीएस का अधिकारी बनकर डिजिटल अरेस्ट करने की धमकी देकर 4.50 लाख रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में बोकारो साइबर थाना पुलिस ने उत्तर प्रदेश के आगरा से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पति के खाते में पाकिस्तान से 300 करोड़ आने का झांसा
पुलिस के अनुसार, 13 मार्च 2026 को गोमिया थाना क्षेत्र की वादिनी पुष्पलता त्रिपाठी को साइबर अपराधियों ने फोन कर खुद को महाराष्ट्र एटीएस का अधिकारी बताया। आरोपियों ने आरोप लगाया कि महिला के पति के खाते में पाकिस्तान के एक खाते से 300 करोड़ रुपये अवैध रूप से आए हैं और इसके एवज में 16 लाख रुपये कमीशन मिला है। इसके बाद महिला को गिरफ्तारी का डर दिखाकर डिजिटल अरेस्ट कर लिया गया और अलग-अलग माध्यमों से कुल 4.50 लाख रुपये की ठगी की गई।
विशेष टीम ने आगरा में की छापेमारी
मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 08/2026 दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक, बोकारो के निर्देशन में पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) सह साइबर थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर टीम ने राज्य से बाहर जाकर आगरा में छापेमारी की।
दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने 23 वर्षीय रवि कुमार, पिता सुरेन्द्र, निवासी नगला हरमुख, आगरा और 21 वर्षीय ऋतिक कुशवाहा, पिता सुभाष कुशवाहा, निवासी खेड़ा मोहल्ला, खेरागढ़, आगरा को गिरफ्तार किया।
दो मोबाइल बरामद, मिले ऑडियो-मैसेज के साक्ष्य
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों फोन में साइबर फ्रॉड की रकम के लेन-देन से जुड़े ऑडियो और मैसेज के साक्ष्य मिले हैं। दोनों मोबाइल विधिवत जब्त कर लिए गए हैं।
ठगी के 4.30 लाख रुपये कराए गए वापस
बोकारो साइबर अपराध थाना ने मनी रेस्टोरेशन मॉड्यूल के जरिये साइबर ठगी के पीड़ितों की राशि वापस कराने की कार्रवाई भी की है। पुलिस के अनुसार, कुल 4,30,009 रुपये वापस कराए गए हैं। इसमें 16 खाताधारकों के खातों में कुल 1,50,957 रुपये और कांड संख्या 35/2026 के खाताधारक प्रवीण कुमार के एचडीएफसी बैंक खाते में 2,79,052 रुपये लौटाए जा चुके हैं।
छापामारी दल को मिलेगा पुरस्कार
कार्रवाई में शामिल पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य के लिए पुरस्कृत किए जाने की बात कही गई है। छापामारी दल में पु.अ.नि. गौरव गोयल (अनुसंधानकर्ता), पु.अ.नि. प्रमोद कुमार पंडित, पु.अ.नि. रमेश कुमार, आरक्षी 565 रितेश कुमार (तकनीकी सहायक) और आरक्षी 1426 सुनील मंडल शामिल थे।
इसे भी पढ़े – जामताड़ा में दर्दनाक हादसा: दोपहर में खेल रहे तीन बच्चों की तालाब में डूबने से मौत
