हजारीबाग: हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और भगोड़ा गैंगस्टर प्रिंस खान गैंग से जुड़े हथियारबंद अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गैंग का एक संदिग्ध अपराधी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। घायल अपराधी को पुलिस ने हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका उपचार जारी है।
घायल अपराधी की पहचान सैयद मोहम्मद जीशान, निवासी हजारीबाग, के रूप में की गई है। उसे पैर में गोली लगी है। फिलहाल वह पुलिस अभिरक्षा में इलाजरत है।
गुप्त सूचना पर चला अभियान
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि बड़कागांव क्षेत्र स्थित टीपी-5 ट्रांसपोर्टिंग रोड के आसपास प्रिंस खान गैंग से जुड़े अपराधी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद बड़कागांव थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों और सशस्त्र बलों की टीम ने इलाके में सघन छापेमारी अभियान चलाया।
अहले सुबह जब पुलिस टीम तेरह माइल स्थित चक्करवार घाटी के पास पहुंची, तभी संदिग्ध अपराधियों ने पुलिस पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक अपराधी के पैर में गोली लगी। इसके बाद अन्य अपराधी जंगल की ओर भाग निकले।
हालिया फायरिंग घटना से जुड़ रहे तार
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दो-तीन दिन पहले एनटीपीसी पकरी बरवाडीह कोयला खनन परियोजना की कोयला ढुलाई करने वाली हाईवा गाड़ियों पर तेरह माइल ट्रांसपोर्टिंग रोड के पास अपराधियों ने फायरिंग की थी। घटनास्थल पर प्रिंस खान के नाम से धमकी भरे पर्चे भी छोड़े गए थे। इसी घटना के बाद पुलिस गैंग की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही थी और उसी क्रम में यह कार्रवाई की गई।
तलाशी अभियान जारी
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए जंगल और आसपास के क्षेत्रों में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और गैंग से जुड़े अन्य लोगों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
SURBHI SHIPRA is a news editor, content writer , and graphic designer with experience in digital journalism and online media . she specializes in editing news ,articles, content writing, fact-checking , and creating engaging digital content . Along with editorial work, She designs eye-catching graphic and YouTube thumbnails . She is committed to delivering accurate, informative , and reader- focused content with creativity and professionalism. currently working as a journalist at Jharkhand Digital
