रांची। रिश्वत लेकर सरकारी काम निपटाने का एक और मामला सामने आया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने रांची स्थित CISF के रीजनल पे एंड अकाउंट्स ऑफिस से तीन अधिकारियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए अधिकारियों में एक सीनियर अकाउंट्स ऑफिसर और दो असिस्टेंट अकाउंट्स ऑफिसर शामिल हैं।
मामला 26 अगस्त 2026 को दर्ज हुआ था, जब प्रयागराज के NTPC में तैनात CISF के एक हेड कॉन्स्टेबल ने शिकायत दी कि उनके यूनिट के अलग-अलग अधिकारियों के ट्रैवलिंग अलाउंस (TA) बिल और चिल्ड्रन एजुकेशन अलाउंस बिल पास कराने के एवज में इन अधिकारियों ने रिश्वत की मांग की।
शिकायत के आधार पर CBI ने जाल बिछाया और 27 अगस्त को रांची स्थित दफ्तर में ट्रैप ऑपरेशन चलाया। इस दौरान तीनों अधिकारी 48,400 रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़े गए। मौके से पूरी रकम बरामद कर ली गई।
गिरफ्तारी के बाद CBI ने रांची और धनबाद में आरोपियों से जुड़े पांच ठिकानों पर छापेमारी की, जहां से आपत्तिजनक दस्तावेज और नकदी बरामद हुई है। तीनों आरोपियों को कल यानी 28 अगस्त को सक्षम न्यायालय में पेश किया जाएगा। CBI ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।
