Saturday, November 21

दुमका/रांची : झारखंड के दुमका जिले के जरमुंडी थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ मारपीट कर उसे अपमानित करने और जबरन कपड़े उतरवाकर अश्लील वीडियो बनाने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना 18 नवंबर की दोपहर की बताई जा रही है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर शनिवार को जेल भेज दिया। पुलिस ने उस मोबाइल फोन को भी जब्त किया है, जिससे कथित तौर पर वीडियो और तस्वीरें बनाई गई थीं। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

पीड़िता 20 वर्ष की है। उसने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 18 नवंबर को दोपहर करीब 12 बजे वह खेत से धान काटकर घर लौट रही थी। तिलबरिया मोड़ के पास वह अपने मंगेतर से फोन पर बात कर रही थी। बातचीत के दौरान मंगेतर ने कपड़े खरीदने के लिए उसे कुछ रुपये भी दिए थे। इसके बाद जब वह अकेले घर की ओर जा रही थी, तभी रास्ते में झाड़ियों के पास पहले से घात लगाए बैठे शंकर मांझी और रविंद्र मांझी ने अपने पांच साथियों के साथ उसे घेर लिया।

युवती के साथ मारपीट ,मोबाइल भी छीना

सभी आरोपियों ने युवती के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इस दौरान उसके पास मौजूद मोबाइल फोन और मंगेतर द्वारा दिए गए रुपये भी छीन लिए गए। इसके बाद आरोपियों ने जबरन उसके कपड़े उतरवाए और वीडियो बनाने के साथ तस्वीरें भी खींचीं। पीड़िता के मुताबिक, आरोपियों ने काफी देर तक उसे अपमानित किया और घटना के बारे में किसी को बताने या पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।

किसी तरह पीड़िता थाने पहुंची और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। शुक्रवार को उसकी शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। इसके बाद जरमुंडी थाना प्रभारी दयानंद साह के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई। पुलिस ने पहले शंकर मांझी और रविंद्र मांझी को हिरासत में लिया। पूछताछ और उनकी निशानदेही पर सूरज माल, विकास मांझी, मनोज मांझी और बजरंग पुजहर को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने वीडियो और तस्वीरें बनाने में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन को जब्त कर लिया है।

फिलहाल पुलिस ने सभी छह आरोपियों को जेल भेज दिया गया। वहीं, मामले में एक अन्य युवक अब भी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

Share.
Next Story
रांची के श्याम मंदिर में चांदन द्वादशी पर बाबा को चढ़ाया गया खीर-चूरमा का भोग, 600 भक्तों ने पाया प्रसाद
Exit mobile version